SwadeshSwadesh

मेरठ: अवैध रूप से कब्जा जमाए एंबुलेंस चालकों पर चला चाबुक, दर्जनों वाहन सीज

एडीएम सिटी ने बताया कि पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त कार्यवाही चलाते हुए नौ एंबुलेंस को सीज किया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस-प्रशासन और आरटीओ विभाग द्वारा यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

Update: 2021-04-10 05:33 GMT

मेरठ: शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए पहुंचे स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने मेडिकल कैंपस में अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे एंबुलेंस चालकों को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई तो कुछ घंटों बाद ही पुलिस-प्रशासन एक्शन मोड में आ गया।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार की शाम ही मेडिकल कॉलेज कैंपस में संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए अवैध रूप से घूम रही लगभग दर्जनभर एंबुलेंस को सीज कर दिया। इसी के साथ कई एंबुलेंस चालकों को चेतावनी देते हुए छोड़ा गया है।

बताते चलें कोरोना को लेकर मेडिकल के निरीक्षण के लिए पहुंचे स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने मेडिकल में अवैध रूप से खड़ी एंबुलेंस की भीड़ को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। जिसके बाद शुक्रवार की शाम एडीएम सिटी अजय तिवारी, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव और एआरटीओ ने संयुक्त रुप से फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज कैंपस में सघन अभियान चलाया।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ ज्ञानेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कैंपस में खड़े एंबुलेंस चालकों के वाहनों के कागजात चेक करने शुरू किए तो अफरा-तफरी मच गई।

एडीएम सिटी अजय तिवारी ने बताया इस दौरान अवैध रूप से सीएनजी और एलपीजी लगी कई एंबुलेंस को पकड़ा गया है। इसी के साथ बिना रजिस्ट्रेशन एंबुलेंस के रूप में चल रहे कई वाहन भी दबोचे गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि बाहरी एंबुलेंस चालक मेडिकल में आने वाले मरीजों को प्राइवेट हॉस्पिटलों में भर्ती कराकर दलाली कर रहे हैं।

एडीएम सिटी ने बताया कि पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त कार्यवाही चलाते हुए नौ एंबुलेंस को सीज किया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस-प्रशासन और आरटीओ विभाग द्वारा यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News