होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले...

Update: 2019-03-17 16:26 GMT

ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित रंगोत्सव में बिखरे रंग

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि होली के उत्सव में चार चांद लग गए। ब्रज तीर्थ विकास परिषद और सांस्कृतिक विभाग द्वारा शहर के बीच अप्सरा टॉकीज प्रांगण में इस उत्सव का आयोजन किया गया।

इसमें अयोध्या और उत्तरांचल के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। अयोध्या के कलाकारों ने होली गीतों पर नृत्य से ऐसा समां बांधा कि वहां मौजूद हर व्यक्ति झूम उठा। अबीर और गुलाल की मार आनंदित कर रही थी।

हम आपको बता दें कि इस बार ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रयासों से होली पर रंगोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इससे पहले बरसाना के राधाबिहारी इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक आयोजन ने देश और विदेश से आए श्रद्धालुओं को ब्रज की प्राचीन संस्कृति से रूबरू कराया गया। यहां मयूर नृत्य, फूलों की होली, लोकनृत्यों के अलावा ब्रज के होरी रसिया गायनों ने ऐसी धूम मचा दी कि हर कोई इस आनंद में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर डीएम सर्वज्ञराम मिश्र, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेन्द्र प्रताप, पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। रविवार सायं अप्सरा पैलेस में ही शास्त्रीय संगीतज्ञ पंडित सुखदेव चतुर्वेदी भजन और रसिया गायनों की प्रस्तुति देंगे।


Similar News