SwadeshSwadesh

दुष्कर्म के प्रयास से क्षुब्ध किशोरी ने किया आत्मदाह

Update: 2019-02-13 18:00 GMT

आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम सहेली के साथ खेत पर गई किशोरी से गांव के युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना से क्षुब्ध किशोरी ने घर पहुंचकर कमरे में मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी मंगलवार शाम सहेली के साथ खेत पर जा रही थी। गांव के अंकेत उर्फ साधु ने उसे पकड़ लिया। खेतों में खींचकर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी की सहेली भागकर घर पहुंची। परिजनों को जानकारी दी। तब किशोरी के परिजन अन्य लोगों के साथ खेतों की ओर दौड़े। गांववालों को आता देख आरोपी भाग गया। परिजन किशोरी को लेकर घर पहुंचे। इसके बाद किशोरी की मां आरोपित के घर गई। पुलिस ने बताया कि तभी किशोरी ने खुद को कमरे में बंद करके मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगा ली। लपटें उठती देख हडक़ंप मच गया। परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ग्रामीण पूर्वी नित्यानंद राय ने बताया कि दुष्कर्म के प्रयास के बाद किशोरी के आत्मदाह करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। 

Similar News