SwadeshSwadesh

दिल्ली से आगरा आ रहे दो कारोबारियों को बदमाशों ने मारी गोली, एक की मौत

Update: 2019-02-10 15:34 GMT

मृतक व्यापारी के परिजनों ने घायल कारोबारी पर जताया शक

आगरा। दिल्ली से आगरा आ रहे दो कारोबारियों पर रविवार को बदमाशों ने हमला कर दिया गया। इनमें एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। उसे भी गोली मारी गई है, वहीं मृतक के परिजनों ने घायल कारोबारी पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है।

वारदात रविवार की सुबह मथुरा के फरह टोल प्लाजा के आगे चुरमुरा ग्राम के समीप हुई है। दिल्ली निवासी कारोबारी रोहित पहावा और संदीप कार से आगरा आ रहे थे। इनमें रोहित पहावा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, जबकि संदीप के हाथ में गोली लगी है। संदीप घायल अवस्था में आगरा तक कार चलाकर पहुंचा। संदीप के मुताबिक फरह टोल प्लाजा के पास कुछ बदमाशों ने हमला किया। बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। कार में बैठे रोहित के सीने गोली लगी। एक गोली रोहित के मोबाइल फोन में भी फंसी है।

दोनों कारोबारियों का हौजरी ट्रेडिंग का कारोबार है। शनिवार रात 12.30 बजे घर से आगरा के लिए चले थे। दोनों गाड़ी से आ रहे थे। मथुरा में एक्सप्रेस वे से उतर गए। इसके बाद रात 4.00 बजे से सुबह 6.00 बजे तक रेस्ट किया। रविवार सुबह 8.30 बजे संदीप रोहित को लेकर नयति अस्पताल सिकंदरा में आया। डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में गोली लगी हुई थी। संदीप भी घायल था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। कार से साक्ष्य लिए गए हैं। संदीप ने पुलिस को बताया कि फरह टोल से निकलते ही टॉयलेट के लिए कार को रोका था। रोहित कार में बैठा हुआ था। तभी चार बदमाश आए और रोहित को गोली मार दी।

संदीप को भी गोली मारी, लेकिन वो बच गया है। कार चलाकर वो अस्पताल पहुंच गया। पुलिस संदीप से पूछताछ कर रही। उसकी बातों पर संदेह है। उधर, मृतक रोहित परिजनों ने भी मामला संदिग्ध बताया है। परिजनों के मुताबिक संदीप पर 50 लाख रुपये का लेनदेन है। उन्होंने संदीप पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है।


Similar News