SwadeshSwadesh

हेमा की बढ़ी और राज बब्बर की क्यों घटी 'सम्पत्ति' पढें....।

ब्रजक्षेत्र से लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे हैं दोनों सितारे...

Update: 2019-03-28 15:11 GMT

राज बब्बर पर है एक करोड़ की देनदारी

-पांच वर्ष में कम हो गई राज बब्बर की सम्पत्ति

-आगरा के फतेहपुरसीकरी से कांग्रेस प्रत्याशी हैं बब्बर

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से कांगे्रस प्रत्याशी राज बब्बर की सम्पत्ति पिछले पांच साल में एक करोड़ रू. कम हो गई है। उनकी चल और अचल दोनों सम्पत्तियों में कमीं आयी है। फिल्म अभिनेता से राजनेता बने वर्तमान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के ना तो कोई अपना वाहन है और ना ही किसी प्रकार असलाह उनके पास है।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन के दौरान उन्होंने अपनी सम्पत्ति का जो ब्यौरी दिया है। उसमें उनके पास 12.57 करोड़ रू. से अधिक की चल और अचल सम्पत्ति है। जबकि वर्ष 2014 में गाजियाबाद से लोकसभा प्रत्याशी रहे राजबब्बर के पास 13.58 करोड़ से अधिक की चल और अचल सम्पत्ति थी। इस हिसाब से उनकी चल और अचल सम्पत्ति में एक करोड़ रू. अधिक की कमी आई है। 2019 के ब्योरे के हिसाब से उनकी 5.83 करोड़ रू. से अधिक की चल और 6.37 करोड़ रू. की अचल सम्पत्ति है। 2014 में उनके पास 6.12 करोड़ की चल और 7.46 करोड़ की अचल सम्पत्ति थी। इस बार उनकी पत्नी की 3.47 करोड़ की चल और 1.96 करोड़ की अचल सम्पत्ति है। उनके पास 86 लाख और उनकी पत्नी के पास 23 लाख से अधिक कीमत के जेवर हैं। बताते चलें कि राज बब्बर का जन्म टूंडला का है और आगरा से वह दो बार सांसद रह चुके हैं।


पांच वर्षो में 71 करोड़ बढ़ गई हेमा की सम्पत्ति

-धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के पास है 249 करोड़ की सम्पत्ति

आगरा। मथुरा से भाजपा की टिकट पर दूसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ रही सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी और उनके पति धर्मेंद्र के पास करीब 249 करोड रू. की सम्पत्ति है। इसमें 114 करोड़ रू. की सम्पत्ति हेमामालिनी के नाम है, जबकि धर्मेंद्र 135 करोड़ रू. की सम्पत्ति के मालिक हैं। 70 वर्षीय हेमामालिनी द्वारा नामांकन के दौरान दाखिल शपथपत्र में बताया गया है कि उनके पास 5.61 लाख नकद हैं, जबकि धर्मेंद्र के पास 32,500 रू. हैं। हेमा के बैंक खाते में 1.46 करोड़ हैं। सात करोड़ विभिन्न कंपनियों के शेयर आदि हैं। 2.91 करोड़ के जेवरात भी उनके पास हैं। इस तरह हेमामालिनी की सकल सम्पत्ति 13.22 करोड़ तथा धर्मेंद्र के पास 12.62 करोड़ की है। इसके अलावा हेमा की भूमि की कीमत 99.37 करोड़ तथा धर्मेंद्र के पास 115 करोड़ की जमीन है। हेमा मालिनी ने पिछले चुनाव 2014 में अपनी सम्पत्ति 178 करोड़ बतायी थी। 2014 में दाखिल शपथ पत्र के अनुसार हेमामालिनी 66 करोड़ की मालकिन थीं। जबकि धर्मेंद्र की संपत्ति 112 करोड़ थी। पांच साल बाद दोनों की सम्पत्ति 249 करोड़ बतायी गई है। देखा जाए तो पांच साल में करीब 71 करोड़ की सम्पत्ति बढ़ी है। 

Similar News