SwadeshSwadesh

मराठा क्रांति मोर्चा : नवम्बर तक आरक्षण न मिलने पर दिसम्बर से तेज किया जाएगा आंदोलन

Update: 2018-08-21 09:47 GMT

मुंबई। मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले युवकों पर दर्ज मामले वापस लिए जाने का अगर 2 दिन में लिखित आश्वासन नहीं मिला तो सभी पुलिस स्टेशनों का घेराव किया जाएगा। इसी तरह अगर नवम्बर महीने तक मराठा आरक्षण की घोषणा नहीं की गई तो दिसम्बर महीने से सकल मराठा समाज सड़कों पर उतर कर तीव्र आंदोलन करेगा।

इस तरह का निर्णय मंगलवार को मराठा क्रांति मोर्चा की बैठक में लिया गया। मराठा क्रांति मोर्चा के राज्य समन्वयक आबासाहेब पाटील ने मुंबई में बताया कि बैठक में मराठा समाज के अब तक निकाले गए मोर्चे के बारे में और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मराठा युवकों पर आंदोलन के दौरान गंभीर स्वरुप के मामले दर्ज किए जाने पर भी चिंता जताई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मराठा युवकों पर दर्ज मामलों को वापस लेने का अगर सरकार 2 दिन में लिखित आश्वासन नहीं देती है तो राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों पर धरना आंदोलन किया जाएगा। इसी प्रकार बैठक में मराठा आरक्षण नवम्बर तक दिए जाने के राज्य सरकार के आश्वासन पर भी चर्चा की गई। इसके बाद बैठक में तय किया गया कि मराठा आरक्षण के लिए नवम्बर तक सरकार के आश्वासन पर विश्वास रखा जाएगा लेकिन दिसम्बर महीने से मराठा क्रांति मोर्चा की ओर जोरदार राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

मराठा समाज की ओर से पिछले डेढ़ साल से आरक्षण के लिए आंदोलन जारी है। मराठा समाज की ओर से राज्य में 58 मूक मोर्चा निकाला गया था। इसके बाद मराठा समाज ने राज्य के कई जिलों में बंद करवाकर आंदोलन किया। इस आंदोलन की वजह से औरंगाबाद व पुणे एमआईडीसी में जोरदार हिंसक कार्रवाई की गई थी। इतना ही नहीं मराठा आंदोलन की वजह से पुणे के चाकण शहर में भारी हिंसा हुई थी जिससे यहां संचारबंदी लागू की गई थी। इन हिंसक घटनाओं को देखते हुए मराठा क्रांति मोर्चा ने अब आंदोलन के लिए खुद की आचार संहिता तय करके मोर्चे तथा आंदोलन में बाहरी लोगों के शामिल होने पर रोक लगा दी है। 

Similar News