SwadeshSwadesh

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे मूलचंद खंडेलवाल का निधन

Update: 2021-10-15 10:53 GMT

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे मूलचंद खंडेलवाल का निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जहां उन्होंने शुक्रवार को अंतिम सांसे ली। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। अपने खास अंदाज की वजह से समाज और राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले मूलचंद खंडेलवाल ने बाजार वार्ड से पार्षद के रूप में अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी।

मूलचंद खंडेलवाल मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे और अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से ही छत्तीसगढ़ की राजनीति को काफी नजदीक से देखा है और उसमें अपनी हिस्सेदारी भी निभाते रहे हैं। उनका मानना था कि पार्टी की राजनीति में अब पहले जैसी बात नही रही। पहले संगठन मंत्री सभी कार्यकर्ता की सुनते थे। लेकिन आज किसी के पास जमीनी कार्यकर्ता की बात सुनने का वक्त नहीं है। अपनी बात रखते हुए मूलचंद खंडेलवाल ने कहा था कि मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से चलते हैं। लेकिन सही में छत्तीसगढ़ जैसे राज्य का नेतृत्व आम आदमी बनकर ही किया जा सकता है।

वे जनसंघ के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। इसके बाद जनसंघ में लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने बिलासपुर शहर में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में अहम भूमिका निभाई। वे शहर भाजपा के अध्यक्ष भी रहे। 1990 के चुनाव में उन्होंने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री बीआर यादव को शिकस्त दी थी। यह बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र का पहला चुनाव था, जिसमें कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद वे मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री बनाए गए। मूलचंद खंडेलवाल की बिलासपुर शहर ही नहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अलग पहचान रही है। उनके निधन से बिलासपुर की राजनीति को बड़ी क्षति हुई है।

Similar News