SwadeshSwadesh

महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा की शानदार वापसी : एक्जिट पोल सर्वें

Update: 2019-10-21 14:25 GMT

नई दिल्ली/वेब डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र और हरियाणा में दोबारा सत्ता में वापसी करने जा रही है। मतदान पश्चात् सर्वे (एक्जिट पोल) के जारी आंकड़ों के अनुसार इन दोनों राज्यों में भाजपा को पिछले लोकसभा चुनाव की तरह ही मतदाताओं का समर्थन हासिल हुआ है तथा कांग्रेस सहित विपक्षी दल काफी पिछड़ गए हैं।

रिपब्लिक टीवी-जन की बात के एक्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा को 135 से 142 सीटें और उसके सहयोगी दल शिवसेना को 81 से 88 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा अपने बलबूते ही पूर्ण बहुमत के नजदीक नजर आती है। भाजपा-शिवसेना की महायुति को चुनौती देने वाला कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) काफी पीछे है। एनसीपी 30 से 35 सीटों के साथ अपने सहयोगी दल कांग्रेस से आगे नजर आ रही है, जिसे 20 से 24 सीटें मिलने का अनुमान है। राज्य में अन्य दलों या निर्दलियों को 8 से 12 सीटें मिल सकती हैं।

इसी सर्वे में 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा के करीब दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में वापस लौटने का अनुमान लगाया गया है। भाजपा को 52 से 63 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।

एबीपी न्यूज और सी-वोटर के आंकड़े अनुसार महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 204 और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 69 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अन्य दलों, निर्दलियों के खाते में 15 सीटें जा सकती हैं। सर्वे के अनुसार, भाजपा-शिवसेना महायुति को 46 प्रतिशत और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 37 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। इसी सर्वे में हरियाणा में भाजपा को 72, कांग्रेस को 8 और अन्य को 10 सीटे मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

टाइम्स नाउ के सर्वे के मुताबिक, हरियाणा में भाजपा को 71, कांग्रेस को 11 और अन्य को 8 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसी सर्वे में महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को 230 और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 48 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। अन्य के खाते में 10 सीटें आ सकती हैं। (हि.स.)

 

Tags:    

Similar News