पत्नियों के भंवर जाल में फंसे पूर्व मंत्री दीपक जोशी, तीन आईं सामने
पूर्व मंत्री दीपक जोशी अलग-अलग महिलाओं से शादी के आरोप। कांग्रेस नेत्री से शादी के फोटो सामने आने के बाद जोशी भूमिगत हो गए।
भोपाल। प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी दलबदल करने के बाद राजनीतिक हासिए पर चले गए हैं। इस बीच अलग-अलग महिलाओं से शादियों को लेकर वे फिर चर्चा में है। दो दिन पहले कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से उनकी शादी के फोटो एवं वीडियो सामने आए। इसके बाद दो अन्य महिलाएं दीपक जोशी की पत्नी बनकर सामने आई है। हालांकि पल्लवी से शादी के फोटो सामने आने के बाद जोशी ने कहा था कि वे 22 दिसंबर को भोपाल में खुलासा करेंगे। लेकिन जोशी अभी तक सामने नहीं आए हैं।
सोमवार को शिखा जोशी नाम की महिला सामने आईं। जिसने खुद को दीपक जोशी की पत्नी बताया। हाल ही में शादी के फोटो सामने आने का लेकर शिखा ने कहा कि उनके पति दीपक जोशी को हनीट्रैप में फंसाया गया है। इस मामले में उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात कही है। एक अन्य महिला नम्रता जोशी ने भी खुद को दीपक जोशी की पत्नी बताया है। ऐसे में अब सवाल है कि दीपक जोशी की असली पत्नी कौन है। दीपक जोशी की पहली पत्नी श्रीमती विजया जोशी का 2021 में कोराना की वजह से निधन हो चुका है।
ऐसे उलझते गए जोशी
दो दिन पहले कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना की दीपक जोशी से शादी के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। बताया गया कि फोटो 4 दिसंबर 2025 के हैं। जब भोपाल के आर्य समाज मंदिर में दीपक जोशी और पल्लवी की शादी हुई। हालाकि दीपक ने शादी की बात नहीं स्वीकारी। इसके बाद विवाद बढ़ा तो नम्रता जोशी और शिखा जोशी ने भी दीपक जोशी की पत्नी होने का दावा ठोंक दिया। 'तीन पत्नियों' के भंवर में फंसे दीपक जोशी के पक्ष शिखा जोशी खुलकर उतर आई हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी साजिश और 'हनी ट्रैप' करार दिया है। उन्होंने कहा कि 'पति' निर्दोष हैं और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। वह इस मामले को कानूनी अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शिखा ने पल्लवी सक्सेना और नम्रता जोशी पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह पूरा विवाद योजनाबद्ध तरीके से रचा गया है। शिखा का दावा है कि पल्लवी और नम्रता आपस में गहरी दोस्त हैं।
दोनों परिवारों की मौजूदगी में लिए फेरेः पल्लवी
शादी को लेकर दीपक जोशी सोमवार को अपना पक्ष रखने वाले थे, लेकिन इससे पहले पल्लवी राज सक्सेना ने मीडिया में कहा कि मेरी दीपक जोशी से शादी नेहरू नगर आर्य समाज मंदिर में 4 दिसंबर 2025 को हुई है। शादी हिंदू रीति रिवाज से हुई है। दोनों परिवारों के लोग शामिल थे। मेरे माता-पिता ने मेरा कन्यादान किया है। दीपक की पहले से दो पत्नियों की जानकारी उन्हें पहले से नहीं थी। एक महिला बता रही है कि वो 2016 से विवाहित थी। लेकिन, दीपक जी की पत्नी विजया दीदी की मृत्यु 2021 में हुई है। दूसरी महिला का ऐसा सुनने में आ रहा है कि वो 21 जनवरी 2025 में आई है। मैं 11 महीने से उनके साथ रही हूं हर पल, हर मिनट हर सेकेंड। हम कई जगहों पर घूमने गए, पिक्चर देखने गए। हम एक ही घर में रहे। मेरे घर में जून-जुलाई में मेरी सगाई हुई थी। उन्होंने एक बार जरूर ये कहा था कि एक महिला है मुझे काफी टाइम से परेशान कर रही है। वो किस महिला के बारे में बता रहे थे उसकी मुझे जानकारी नहीं हैं। पल्लवी ने कहा कि वह पिछले 17 सालों से तलाकशुदा है। मेरा 18 साल का एक बेटा है। वो अभी गुजरात के वड़ोदरा में पढ़ रहा है।