बदले जा सकते हैं भोपाल, इंदौर के पुलिस आयुक्त

Update: 2025-11-29 05:46 GMT

बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गुस्से में सरकार

हाल ही में राजधानी भोपाल, इंदौर, रायसेन, ग्वालियर समेत अन्य जिलों में अपराधिक घटनाओं में पुलिस के लचीले रवैए से प्रदेश सरकार बेहद गुस्से में है। रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने में देरी करने पर पुलिस अधीक्षक को हटा दिया गया है। इसी तरह राजधानी भोपाल, इंदौर समेत अन्य जिलों में गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी है। खबर है कि भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्त भी बदले जा सकते हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक और अधिकारियों को हटाया जा सकता है।

पुलिस मुख्यालय ने कुछ मैदानी पुलिस अधिकारियों के तबादलों का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है। संभवतः विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद पुलिस में बड़ा बदलाव हो सकता है। पुलिस मुख्यालय के अधिकारी ने बताया कि भोपाल में सार्वजनिक स्थलों पर गुंडागर्दी के वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नाराज हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस आयुक्त भोपाल से भी सवाल-जवाब किए।

फिलहाल थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। जल्द ही भोपाल पुलिस में बड़ा बदलाव होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर भोपाल, इंदौर पुलिस समेत अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी बदला जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने दो दिन में बुलाई दो बैठकें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त हैं। इसी कारण उन्होंने पिछले दो दिन में दो उच्च स्तरीय बैठकें बुलाईं। मुख्यमंत्री ने मैदानी अधिकारियों से दो टूक कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायण 3 साल पूरा करेंगे

भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा मार्च 2026 में 3 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। शिवराज सरकार के समय, 16 मार्च 2023 को उन्हें पुलिस आयुक्त भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वे इंदौर पुलिस आयुक्त थे।

भोपाल में नया पुलिस आयुक्त पदस्थ करने की कवायद पहले भी हुई, लेकिन शासन स्तर से निर्णय नहीं हो पाया। बताया गया है कि हरिनारायणचारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। वहीं, इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह 22 अक्टूबर 2024 से दायित्व संभाल रहे हैं।

भोपाल पुलिस आयुक्त के लिए बालाघाट आईजी संजय कुमार सिंह और हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे डी. श्रीनिवास का नाम भी चर्चा में है।

कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय से जिलों की कानून-व्यवस्था को लेकर प्रस्ताव मांगा है।

Similar News