वन्यजीव संरक्षण की बड़ी जीत: MP को ‘बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन अवॉर्ड 2025’

Update: 2025-12-15 05:19 GMT

भारत का हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश को उसकी समृद्ध जैव-विविधता और नैसर्गिक घने जंगलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। प्रतिष्ठित ‘ट्रेवल लीजर इंडिया बेस्ट अवॉर्ड्स 2025’ में मध्यप्रदेश को ‘बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान नई दिल्ली के आईटीसी मौर्य स्थित नन्दिया गार्डन्स में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।

14वें संस्करण में मिली राष्ट्रीय पहचान

ट्रेवल लीजर इंडिया बेस्ट अवॉर्ड्स का यह 14वां संस्करण है, जिसमें मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में मान्यता दी गई है। यह सम्मान राज्य की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और सफल संरक्षण प्रयासों का प्रमाण है।

राज्यमंत्री ने जताया हर्ष

पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रकृति की इस अनमोल धरोहर को पूरी संवेदनशीलता के साथ संरक्षित किया है। यह सम्मान पर्यटन विभाग, वन विभाग और सभी प्रकृति प्रेमियों को समर्पित है।

संरक्षण आधारित पर्यटन नीति की सफलता

अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने इसे राज्य की दूरदर्शी पर्यटन नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार मध्यप्रदेश की ‘कंजर्वेशन लेड टूरिज्म’ नीति की सफलता को दर्शाता है।राज्य का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें जैव-विविधता और जंगलों का जिम्मेदार, सुरक्षित और यादगार अनुभव देना है।

सस्टेनेबल टूरिज्म की दिशा में प्रेरणा

अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान मध्यप्रदेश को सस्टेनेबल टूरिज्म की दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधन सुरक्षित रह सकें।

Similar News