SwadeshSwadesh

सीडी कांड : भूपेश बघेल की गिरफ्तारी से कांग्रेसी कार्यकर्ता हुए उग्र, आज से जेल भरो आंदोलन

Update: 2018-09-25 06:30 GMT

रायपुर/स्वदेश वेब डेस्क। छत्‍तीसगढ़ के सीडी कांड पर राजनीति गरमा रही है। सोमवार को सीडी कांड मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद कांग्रेस का आज जेल भरो आंदोलन है। भूपेश की गिरफ्तारी के बाद चौतरफा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। भारी तादाद में प्रदेश के सभी जिलों से पुलिस अलग-अलग जगहों से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के आदेश के बाद उन्होंने वकील लेने और ज़मानत लेने से इनकार कर दिया था।

मंगलवार को भी सुबह से यह गिरफ्तारी जारी है। सिमगा में सरगुजा से रायपुर आते वक्त कांग्रेस के विधायक बृहस्पति सिंह और डॉ प्रीतम राम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रदेश कांग्रेस की संयुक्त महासचिव मंजू सिंह अकलतरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार हो गई हैं। बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अटल श्रीवास्तव और सैकड़ों कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पत्थलगांव में पूर्व मंत्री राम पुकार सिंह और जशपुर में प्रदेश कांग्रेस के सचिव शेखर त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रात में ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

इधर मुंगेली, भाटापारा, बलोदाबाजार, चारामा, बालोद, पलारी, कसडोल, सिमगा, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, दुर्ग और पाटन से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की खबर मिल रही है। रायपुर आने वाली ट्रेनों में पुलिस तलाशी लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर रही है।

वहीं भाटापारा में 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, तिल्दा से भी बड़े संख्या में गिरफ्तारी की खबर है। दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा को रायपुर निकलने से पहले ही पुलिस ने उनके निवास स्थान पर गिरफ्तार कर लिया है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि पूरे राज्य में हो रही है गिरफ्तारियां रमन सरकार और रमन सरकार की पुलिस खुद कांग्रेस के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने में जुटी है।

Similar News