SwadeshSwadesh

शुभ योगों में आज मनेगी रामनवमी, ग्वालियर में जगह-जगह होंगे धार्मिक आयोजन

Update: 2024-04-17 00:45 GMT

ग्वालियर।  नवरात्रि के अंतिम दिन 17 अप्रैल बुधवार को रवि योग में राम नवमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन शहर में जगह-जगह धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों में दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्म कराया जाएगा। राम नवमी त्योहार को लेकर शहर के राम मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सजावट भी की गई है।

भगवान चक्रधर बनेंगे प्रभु श्रीराम:-

बुधवार चैत्र शुक्ल राम नवमी के शुभ अवसर पर श्री सनातन धर्म मंदिर में श्री राम नवमी महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। प्रधानमंत्री महेश नीखरा ने बताया प्रात: 9 बजे भगवान चक्रधर के चल विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत से अभिषेक होगा। सुबह 11 बजे श्रृंगार हेतु मंदिर के पट बंद होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम का प्राकट्य, भव्य श्रृंगार दर्शन, प्रभु श्रीराम की भव्य आरती और प्रसाद वितरण होगा। सायंकाल संध्या आरती उपरांत भक्तों द्वारा बधाई गान एवं भजन-कीर्तन होंगे।

राम मंदिर पर एक क्विंटल सिंघाड़े की पंजरी का होगा वितरण:-

फालका बाजार स्थित श्री राम मंदिर के सचिव गोविंद प्रसाद बंसल ने बताया कि राम नवमी के दिन मंदिर में एक क्विंटल सिंघाड़ के आटे से बनी पंजरी का वितरण किया जाएगा। सूबह 8:30 बजे भगवान श्रीराम का अभिषेक होगा। इसके बाद भगवान का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे बैण्ड बाजों और आतिशबाजी के साथ भगवान का जन्म कराया जाएगा। भगवान को मथुरा से लाई पोशाक पहनाई जाएगी। दोपहर एक बजे मंदिर के पट बंद हो जाएंगे। सायं 5 बजे झांकी के दर्शन होंगे।

आबा महाराज मंदिर में होगा भगवान राम का जन्म:-

दाल बाजार स्थित आबा महाराज मंदिर में दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्म कराया जाएगा। प्रात: 10:30 बजे राम जन्मोत्सव पर समर्थ भक्त उपेन्द्र शिरगांवकर द्वारा पारंपरिक कीर्तन किया जाएगा। सायं 6:30 से रात्रि 8 बजे तक नवनीत कौशल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं 18 अप्रैल को पालकी समारोह और महाप्रसाद वितरण होगा। आबा महाराज मंदिर के महंत राघवेन्द्र शिरगांवकर और उपेन्द्र शिरगांवकर ने बताया कि यहां पर भगवान श्रीराम के बाल्यरूप को नारीयल में बनाया जाता है जो हकीकत में एक बालक के रूप में दिखाई देता है।

कौशल्या माता की हुई गोद भराई:-

नगरकर श्री राम मंदिर में मंगलवार को कौशल्या माता की गोद भराई हुई जिसमें ब्राह्मण और सुहागिनों का भोज हुआ। प्रवक्ता निशिकांत सुरंगे ने बताया कि बुधवार को भगवान राम का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। सुबह 10 बजे महंत सुभाष नगरकर महाराज के द्वारा कथा होगी। सायंकाल शास्त्रीय संगीत का आयोजन होगा। श्री सुरंगे ने बताया कि खासगी बाजार स्थित पट्टाभिराम मंदिर में दोपहर 12 बजे राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सायंकाल सात बजे संगीत सभा होगी जिसमे स्थानीय कलाकार शास्त्रीय गायन भजन प्रस्तुत करेंगे।

एक शाम रामजी के नाम आज:-

गायक कलाकार मित्र समूह द्वारा रामनवमी के दिन शाम 4 बजे एक शाम रामजी के नाम भजन संध्या का आयोजन रजिस्ट्रार ऑफिस के पास न्यू सिटी सेंटर स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में रवि गर्ग गायक कलाकारों के भजनों को संगीत देंगे। यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक हर्षदा गोखले और हर्षिका दुबे ने दी।

Tags:    

Similar News