SwadeshSwadesh

ग्वालियर में प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो कराने की तैयारी, शाह, नड्डा,योगी की भी मांग

भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा के नाम की घोषणा को डेढ़ माह हो चुका है जिससे उनका प्रचार अभियान काफी आगे बढ़ चुका है।

Update: 2024-04-18 23:30 GMT

ग्वालियर। लोकसभा चुनाव में अभी 18 दिन शेष हैं ऐसे में अभी दोनों मुख्य दलों की ओर से बहुत तेजी से प्रचार अभियान दिखाई नहीं दे रहा। भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा अस्वस्थ होने के कारण दो दिन से घर पर ही हैं, जिससे संगठन द्वारा ही कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं जबकि कांग्रेस में इसके ठीक उलट स्थिति है, क्योंकि यहां संगठन का अता-पता नहीं है प्रत्याशी को ही अकेले जनसंपर्क करना पड़ रहा है। इस बीच 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान निपटने के बाद प्रचार अभियान तेजी पकड़ेगा। भाजपा में ग्वालियर चंबल संभाग के प्रत्याशियों के प्रभाव के लिए 25 अप्रैल को मुरैना में सभा प्रस्तावित है वहीं ग्वालियर में उनका रोड शो कराने पर विचार हो रहा है। साथ ही कुछ अन्य बड़े नेताओं के आने का सिलसिला 26 अप्रैल से शुरू हो जाएगा।

यहां बता दें कि भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा के नाम की घोषणा को डेढ़ माह हो चुका है जिससे उनका प्रचार अभियान काफी आगे बढ़ चुका है वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक का नाम 6 अप्रैल को घोषित हुआ। घोषणा के बाद से ही वह प्रचार अभियान में जुटे हैं। उनके साथ राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया व राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह चल रहें हैं। लेकिन जिला कांग्रेस की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रहीं। केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर वरिष्ठ नेता चंद्रमोहन नागोरी एवं कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल व सराफा कार्यालय को इब्राहिम पठान संभाल रहे हैं। फिर भी ब्लाक,मंडलम स्तर पर बैठकें नहीं होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह नहीं है। ऐसे में प्रत्याशी प्रवीण पाठक को अभी कड़ी मेहनत और कार्यकर्ताओं को संगठित करने की आवश्यकता है।

मोदी के साथ शाह, नड्डा,योगी की मांग

भाजपा के प्रचार अभियान को गति देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 अप्रैल को मुरैना में सभा होने जा रही है, ऐसे में ग्वालियर का संगठन उनका रोड शो कराने के लिए प्रयासरत है। इसी के साथ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह,राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी के अलावा उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलाया जा रहा है। जबकि कांग्रेस मात्र राहुल गांधी अथवा प्रियंका बाड्रा के भरोसे है। चूंकि राहुल गांधी दो महीने पहले आ चुके इसलिए उनके आगमन को लेकर संशय है।

कांग्रेस अध्यक्ष बदलने पर मंथन

प्रवीण पाठक का टिकट होने के बाद से ही इस्तीफा की पेशकश कर संदिग्ध बने डॉ देवेंद्र शर्मा की गतिविधियां किसी को समझ नहीं आ रही। प्रभारी शिव भाटिया ने इस सिलसिले में संगठन से राय मांगी है। लेकिन ऐन चुनाव के दौरान अध्यक्ष बदलने पर नुकसान न हो जाए इसलिए निर्णय नहीं हो पा रहा। वैसे अध्यक्ष के लिए वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल एवं इब्राहिम पठान के नाम लिए जा रहे हैं। इब्राहिम, प्रवीण पाठक की पसंद है।

कंसाना से किसका नफा-नुकसान

ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे कल्याण सिंह कंसाना ने पार्टी से इस्तीफा देकर बसपा के हाथी की सवारी कर ली है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों अनुमान लगाने में लगे हैं कि उनके उतरने से किसे नफा-नुकसान होने वाला है। वैसे यहां बता दें कि कल्याण और केदार कंसाना ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस में रहते समय से टिकट मांगते रहे हैं लेकिन कांग्रेस ने कभी उनके नामों पर विचार नहीं किया। विधानसभा चुनाव में साहब सिंह गुर्जर को टिकट मिलने पर इन्होंने अंदरुनी विरोध किया था। बाद में केदार कंसाना को ग्रामीण का अध्यक्ष बनाया गया तब विधायक साहब सिंह गुर्जर के विरोध करने पर उन्हें 24 घंटे के अंदर हटा दिया गया।

Tags:    

Similar News