ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर में क्षेत्र में रहने वाली आयकर की एक बुजुर्ग महिला कर्मचारी घर में घुसे बदमाश से भिड़ गई। आखिरकार बुजुर्ग महिला ने बदमाश को भागने पर मजबूर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण तलैया पर रहने वाली आयकर विभाग की महिला कर्मचारी के घर रविवार तड़के 3 बजे एक बदमाश खिड़की उखाड़कर घुस आया। उसने अलमारी से 15 हजार रुपये, 2 मोबाइल और कुछ जेवरात निकाल लिये। उसी समय महिला कर्मचारी की नींद खुल गई। घर में अकेली होने के बावजूद महिला कर्मचारी ने बदमाश को पकड़ लिया। इसके बाद बदमाश मारपीट पर उतर आया, लेकिन महिला कर्मचारी ने उसे नहीं छोड़ा। परेशान होकर बदमाश ने खुद को महिला कर्मचारी से छुड़ाने के लिए धक्का दिया और भाग निकला। रविवार सुबह महिला कर्मचारी की ओर से पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।