SwadeshSwadesh

संबल योजना के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे शिवराज : नरेन्द्र

Update: 2019-04-15 08:09 GMT

भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर संबल योजना बंद करने के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। सलूजा ने कहा कि भाजपा झूठ की मशीन है। किसान कर्ज माफी समेत कई मुद्दों पर जनता के बीच भ्रम फैला रही है।

सोमवार को सलूजा ने जारी एक बयान में कहा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज लगातार झूठ बोलकर राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं। कमलनाथ सरकार ने न तो संबल योजना, अंतिम संस्कार की राशि बंद की और न ही राजनैतिक आधार पर आयकर विभाग द्वारा मारे गए छापे में कांग्रेस से जुड़े किसी व्यक्ति के यहां अवैधानिक कुछ भी मिला। छापे में जिसके यहां राशि मिली, उसने खुद स्वीकार किया है कि उसने यह राशि भाजपा के 15 वर्ष के शासनकाल में कमाई है।

सलूजा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज अपने पद और कद की गरिमा को झूठ बोलकर निरंतर गिरा रहे हैं। चाहे किसानों की कर्ज़माफ़ी हो या अन्य जनहित के मुद्दे। आज यही झूठ उनका चलता तो वे जनता द्वारा नकारे नहीं जाते। उन्होंने जनता से अपील की कि जिस पार्टी ने 15 वर्ष में कुछ नहीं किया, उस पार्टी से सावधान रहें। कांग्रेस सरकार एक जनहितैषी सरकार है। मुख्यमंत्री कमलनाथ निरंतर जनहित के वादों को पूरा कर रहे हैं। 

Similar News