SwadeshSwadesh

किसानों की समस्याएं हल नहीं हुईं, तो करूंगा आंदोलन

Update: 2019-02-11 10:36 GMT

भोपाल। सत्ता से बेदखल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के मुद्दे पर नई सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ को चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याएं हल नहीं हुईं, तो वे आंदोलन करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को सिवनी जिले के बरघाट में खरीद केंद्रों का दौरा किया था।

सोमवार को शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसान बेहाल हैं। इसके लिए मैं कई बार पत्र लिखकर मुख्यमंत्री महोदय को इसके बारे में सूचित कर चुका हूं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसलिए अब मैं खुद मुख्यमंत्री से मिलूंगा। लेकिन अगर तब भी किसानों की समस्याओं का हल नहीं निकला तो मेरे पास किसानों की समस्या दूर करने के लिए अंतिम उपाय आंदोलन के अलावा कुछ नहीं बचता है, मैं आंदोलन करूंगा। किसानों की कर्जमाफी पर उन्होंने कहा कि सीएम कमलमाथ से मिलकर किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा करूंगा। कर्जमाफी में सरकार का अलग-अलग बयान सामने आता है, कभी 35 लाख तो कभी 25 लाख। 10 दिन में सरकार ने कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन दो महीने हो गए हैं और अब तक किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नई सरकार के 60 दिन हो चुके हैं| अगर ऐसा ही चलता रहा और किसानों की समस्या नहीं सुलझी तो बीजेपी आंदोलन करेगी। शिवराज ने कहा कि धान से लेकर उड़द तक हर फसल वाला किसान परेशान है।

Similar News