SwadeshSwadesh

85 दरोगाओं को मिलेगी बाइक, 25 दिवसीय कर्मचारी होंगे स्थाई

Update: 2019-03-10 16:02 GMT

नगर निगम देगा बाइक स्वच्छता अभियान का तोहफा

प्रशासनिक संवाददाता भोपाल

स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 में देश की सबसे स्वच्छ राजधानी का तमगा हासिल करने के बाद नगर पालिक निगम भोपाल अपने कर्मचारियों को सम्मानित करेगी। इसके लिए सफाई कर्मचारियों और 85 वार्डों के दरोगाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। निगम प्रशासन ने राजधानी के सभी 85 वार्डों में पदस्थ दरोगाओं को उपहार स्वरुप बाइक देने का फैसला किया है। इसके अलावा स्वच्छता अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 25 दिवसीय कर्मचारियों को स्थाई नियुक्ति देगी। निगम ने इन सभी 25 दिवसीय कर्मचारियों को स्थाई करवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की तैयारी करली है। इस दिशा में महापौर ने पहल की है, जिससे सभी सफाई कर्मचारियों में उत्साह है।

बजट बैठक की उम्मीद कम 

आगामी 12 मार्च को होने वाली नगर निगम की बजट बैठक के अब होने के आसार काफी कम हैं। निगम से जुड़े सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव की आचार संहिता कल से लगने की संभावना है। ऐसी हालत में बजट बैठक नहीं हो पाएगी। अब यह लोकसभा चुनाव के बाद ही हो पाएगी। तब तक एमआईसी द्वारा पारित बजट से ही काम चलाया जाएगा।

जल्द होगा सभी दैवेभो के नियमितीकरण

ेश भर में राजधानी को स्वच्छता राजधानी बनाने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए यह एक अच्छी खबर है। उनमें काम करने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। इसके अलावा सफाई दरोगाओं को भी निगम बाइक देगा ताकि वह अपना काम और तेजी से कर सकें। यह बात महापौर आलोक शर्मा ने आज सुबह कुछ संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए निगम के सभी कर्मचारियों ने बेहद मेहनत की थी। उनकी समस्याओं को अब तेजी से हल किया जाएगा। पिछले कई दिनों से दैवेभो कर्मचारियों द्वारा नियमितीकरण की मांग की जा रही थी। महापौर ने कहा कि शहर के 85 वार्डों के सफाई दरोगाओं को भी अब सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उन सभी को बाइक निगम द्वारा दी जाएगी ताकि वह अपने अपने एरिया का राउंड तेजी से कर सके और स्वच्छता के अभियान को और तेजी से चला सके। इसके अलावा सभी सफाई कर्मचारियों को नगर निगम कि ओर से बेहतर काम करने के लिए 6 हजार रुपए का तोहफा दिया जाएगा, ताकि वह अपना काम और लगन से कर सके।

Similar News