SwadeshSwadesh

1090 सेवा बंद, डायल 100 पर सुनी जा रही फरियाद

Update: 2019-02-12 16:35 GMT

शहर संवाददाता भोपाल

महिलाओं की मदद के लिए तीन साल पहले शुरू की गई महिला हेल्प लाइन 1090 सेवा को बंद कर दिया गया है और डायल 100 पर शिकायतों को स्थानांतरित किया जा रहा है। महिला हेल्पलाइन 1090 सेवा को बंद करने के पीछे तर्क जो भी हों, मगर तीन साल पहले जब इस हेल्प लाइन को शुरू किया गया था, तब इस सेवा को महिलाओं का अच्छा प्रतिसाद मिला था। इस नंबर पर प्रतिदिन दो सौ से तीन सौ शिकायतें आती थीं। इसमें राह चलते मनचलों की छेड़छाड़ से लेकर स्कूल-कॉलेज के साथियों द्वारा परेशान किए जाने के मामले भी आते थे। ज्यादातर मामलों में महिलाएं पुलिस कार्रवाई की जगह समझाइश पर जोर देती थीं। अधिकारियों का तर्क है कि 1090 के माध्यम से पुलिस को महिलाओं की मदद के लिए पहुंचने में काफी वक्त लग जाता था, इसलिए इसे डायल 100 से ही जोड़ दिया गया है।

डायल 100 पर संकोच कर रही हैं महिलाएं

महिला हेल्प लाइन पर आने वाली शिकायतों में सबसे ज्यादा शिकायतें सोशल मीडिया, वॉट्सएप और मोबाइल फोन पर परेशान करने वालों की थीं। महिलाएं अपने परिचितों, कॉलेज दोस्तों द्वारा मोबाइल पर कॉल और मैसेज करने की शिकायतें करती थीं। कई बार महिला हेल्प लाइन से फोन जाते ही शिकायत दूर हो जाती था, क्योंकि हेल्प लाइन से फोन जाते ही फोन और मैसेज आना बंद हो जाते थे। 2017 में तो महिला हेल्प लाइन पर आधा दर्जन से ज्यादा लड़कियों ने बाल विवाह के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाई थीं। दरअसल लड़कियों में महिला हेल्प लाइन की इमेज अलग थी। वे इसे पुलिस से अलग एक हेल्प सेंटर मानकर मदद मांगती थीं, लेकिन डायल 100 पर कोई भी लडक़ी इस तरह की प्रॉब्लम में मदद मांगने में संकोच कर रही है।

Similar News