SwadeshSwadesh

म.प्र में हुए भारी संख्या में ट्रांसफर, भोपाल कलेक्टर समेत 33 आईएएस इधर से उधर

Update: 2019-06-02 06:50 GMT

भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर राज्य सरकार ने भारी संख्या में आईएएस व आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शनिवार देर रात राज्य शासन ने प्रशासनिक मशीनरी की सर्जरी करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 33 अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है, जिनमें भोपाल समेत 15 कलेक्टर भी शामिल हैं। आधी रात के बाद हुए बड़े प्रशासनिक फेर-बदल में लम्बे समय से भोपाल कलेक्टर के पद पर कार्य कर रहे आईएएस अधिकारी सुदाम खाड़े का भी ट्रांसफर किया गया है।

राज्य शासन ने शनिवार को रात एक बजे तबादला सूची जारी की। तबादलों के लिए मंत्रालय में सामान्य प्रशासन विभाग के अफसर देर रात डटे रहे। तबादलों को मौजूदा लोकसभा चुनावों की शिकायतों से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2006 बैच के आईएएस अधिकारी और भोपाल कलेक्टर सुदामा खाडे़ को हटाकर शासन में अपर सचिव बनाया गया है। शनिवार को दिन में नगरीय विकास की बैठक में मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ शामिल नगरीय विकास आयुक्त गुलशन बामरा को सागर का कमिश्नर बना दिया गया है। वहीं, राजस्व सचिव रेनू तिवारी को चंबल संभागायुक्त का दायित्व सौंपा गया है। जबलपुर नगर निगम कमिश्नर चंद्रमौली शुक्ला को हटाकर मंत्रालय में पदस्थ किया है, जबकि उनके स्थान पर अध्यात्म विभाग के उपसचिव आशीष कुमार को पदस्थ किया है। वहीं जिन कलेक्टरों के जिले बदले गए हैं, उनमें आगर मालवा कलेक्टर अजय गुप्ता को सीहोर, खंडवा कलेक्टर विशेष गढ़पाले को सतना, डिंडौरी कलेक्टर सुरभि गुप्ता को अलीराजपुर और शाजापुर कलेक्टर श्रीकांत बनोठ को धार जिले का कलेक्टर बनाया गया है।

इन्हें बनाया गया कलेक्टर

अजय गंगवार-नीमच, सूफिया फारुखी वली- रायसेन, तन्वी सुंद्रियाल-खंडवा, मनोज पुष्प- मंदसौर, बक्की कार्तिकेयन- डिंडौरी, तरुण राठी- दमोह, अभय कुमार वर्मा- आगर मालवा, वीरेंद्र सिंह रावत- शाजापुर, शशिभूषण सिंह- कटनी, कर्मवीर शर्मा- पन्ना, अक्षय कुमार सिंह- निवाड़ी।

इन कलेक्टरों को हटाया गया

सुदाम खाड़े को कलेक्टर भोपाल से हटाकर अपर सचिव मंत्रालय पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार धार कलेक्टर दीपक सिंह, अलीराजपुर से शमीमउद्दीन, नीमच से राजीव रंजन मीना, सतना से सत्येन्द्र सिंह, दमोह से नीजर कुमार सिंह, रायसेन से षणमुख प्रिया मिश्रा, कटनी से डॉ .पंकज जैन, बुरहानपुर से उमेश कुमार, निवाड़ी से शैलबाला अंजना मार्टिन और सीहोर से गणेश शंकर मिश्रा को कलेक्टर पद से हटाकर सभी को उप सचिव मंत्रालय पदस्थ किया गया है। 

Similar News