SwadeshSwadesh

पहली बारिश के बीच करंट लगने से तीन की मौत, दो घायल

Update: 2019-06-28 17:26 GMT

नई दिल्ली/मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को सुबह से हो रही जोरदार बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से 3 लोगों की मौत हो गई है और 2 अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना में घायलों का इलाज जोगेश्वरी स्थित ट्रामा केयर अस्पताल में हो रहा है। शुक्रवार को सुबह से हो रही बारिश की वजह से कई ईलाकों में जलभराव हो गया है। इसका सीधा असर मुंबई की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। कई स्थानों पर मकान की दीवार के ढहने की सूचना है मगर उसका विस्तृत ब्यौरा नहीं मिल सका है। इधर मौसम विभाग के अनुसार बारिश की रफ्तार मंगलवार तक जारी रहने की सम्भावना जतायी गयी है।

जानकारी के अनुसार अंधेरी पश्चिम में आरटीओ ऑफिस के पास तेज बारिश की वजह से घर में बिजली का करंट आ गया। इस घटना में काशीमा युडियार नामक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। इसी तरह गोरेगांव में वीरवाई इस्टेट के पास बारिश के दौरान घर में करंट आ जाने से राजेंद्र यादव व संजय यादव की मौत हो गई है। इस घटना में आशादेवी यादव व दीपू यादव झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए जोगेश्वरी स्थित ट्रामा सेंटर अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज हो रहा है। जानकारी के अनुसार सुबह से शहर में 9 जगह पर बिजली का करंट उतरने की घटनाएं हुई हैं। इसी प्रकार शहर में 6 जगह पेड़ गिरे हैं, जिससे यातायात अवरुद्ध हुआ है। फायरब्रिगेड के जवान गिरे पेड़ को हटाने का काम कर रहे हैं।

बारिश के कारण कई ईलाकों में जलभराव हो गया था और सडक़ों पर ट्रैफिक जाम भी हो गया। साथ ही लोकल रेल सेवा भी प्रभावित हुई। परेशानी के बावजूद लोग पहली बारिश का आनंद लेते दिखे।

सुबह से हो रही घनघोर बारिश की वजह से लालबाग, परेल, हिंदमाता, किंगसर्कल आदि इलाकों में पानी भर गया। बारिश की वजह से ठाकुर्ली रेलवे स्टेशन के चारों तरफ पानी भर गया। ठाणे स्टेशन पर भी पानी का जमाव हो गया था लेकिन धीरे-धीरे पानी का स्तर कम हुआ। धारावी में जल भराव की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सायन-पनवेल मार्ग पर जल भराव की वजह से काफी समय तक ट्रैफिक जाम रहा। बारिश की वजह से कई जगह वाहन भी खराब हो गए। किंगसर्कल व मिलन सबवे में जल भराव की वजह से भी लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश ने स्थानीय नगर निगम के नाला सफाई की भी पोल खोल दी। हालांकि नगर निगम कर्मचारी हर जगह पानी की निकासी का प्रयास करते देखे गए। इसके लिए मुंबई महानगर पालिका की ओर से कई जगह पंप लगा कर पानी की निकासी की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश की रफ्तार मंगलवार तक जारी रहने की सम्भावना है। इस दरम्यान महाराष्ट्र के कई इलाकों में तेज बारिश की भी चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग ने मुंबई में भी इन 5 दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है जिसकी तैयारी में प्रशासन अभी से जुट गया है।  

Similar News