राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची ग्वालियर, जयविलास पैलेस में सिंधिया परिवार ने किया स्वागत

ट्रिपल आईटीएम दीक्षांत समारोह के लिए रवाना

Update: 2023-07-13 07:23 GMT

ग्वालियर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू  एक दिन के प्रवास पर आज ग्वालियर पहुंची।एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत कर अगवानी की। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे ग्वालियर के महाराजा केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के महल जयविलास पैलेस पहुंचीं। यहां सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने उन्हें जयविलास पैलेस और जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम दिखाया। यहां राष्ट्रपति मुर्मू ने लंच लिया। उन्हें बिना प्याज-लहसुन का भोजन परोसा गया।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एयरपोर्ट से जयविलास पैलेस में पहुंचकर पहले गैलरी, संग्रहालय सहित कपड़ा बनाने वाले हथकरघा देखे और यहां काम करने वालों से बात की। साथ ही महल में मौजूद छात्रों व छात्राओं से बात की और उन्हें उपहार दिए। इसके बाद उन्होंने जयविलास पैलेस में 19 तरह के सात्विक भोजन का जायका भी लिया। उनके लिए विशेष तौर से सात्विक भोजन तैयार किया गया था। इनमें नेपाली साग से लेकर दालमा, संतुला, जीरा मूंग दाल छिलका, पनीर मखाना, भुट्टा कीस आदि तैयार किए गए थे। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद विवेक शेजवलकर, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ट्रिपल आईटीएम के लिए रवाना - 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुंचेंगी। यहां वे स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूवमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगी। यहां वे बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी।

Tags:    

Similar News