CG Encounter: बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर मुठभेड़, अब तक तीन नक्सली ढेर ; 30 घंटे से गोलीबारी जारी
Bijapur and Telangana Border Encounter : रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल की सुबह से लगभग 5 हजार से अधिक जवानों ने माओवादी संगठन के बटालियन नंबर-1 के नक्सलियों को घेर रखा है। यह मुठभेड़ उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगट्टा, नडपल्ली, पुजारी कांकेर की पहाड़ी पर 30 घंटे से जारी है।
पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा के जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने 3 दिन पहले सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में से एक शुरू किया था। तलाशी अभियान और मुठभेड़ जारी है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट के जवानों ने मोर्चा संभाला है। अब तक 100 से अधिक आईईडी मिलने की बात सामने आई है, जिन्हें जवानों को निशाना बनाने के मकसद से बिछाया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में जवानों द्वारा डी माइनिंग किया जा रहा है। सुरक्षा बल कर्रेगुट्टा पहाड़ के ऊपर ड्रोन और सैटेलाइट से नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा बलों को यहां बड़ी संख्या में नक्सलियों के बड़े कैडर होने की जानकारी मिली थी।
इसके बाद तेलंगाना और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों से हजारों की संख्या में जवानों को उतारा गया। सीआरपीएफ, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और तेलंगाना से ग्रे हाउंड, महाराष्ट से C 60 के जवान मौके पर हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के हमले में दो जवान घायल हो गए हैं, जिन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, जवानों के लिए मुठभेड़ स्थल पर हेलीकॉप्टर से पानी और खाना भिजवाया गया है। साथ ही बीजापुर से बड़ी संख्या में जवानों की बैकअप पार्टी को भी भेजा गया है।
छत्तीसगढ़ की फोर्स के अलावा तेलंगाना से भी ग्रेहाउंडस के जवानों की टीम ने नक्सलियों को घेर कर रखा है। इस इलाके में नक्सलियों की बटालियन नंबर 1, 2, समेत अन्य कंपनियां सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर 100 से अधिक संख्या में नक्सली मौजूद हैं।