SwadeshSwadesh

87 वर्ष की उम्र में खेल कमेंटेटर जसदेव सिंह का हुआ निधन

Update: 2018-09-25 14:00 GMT

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। प्रख्यात खेल कमेंटेटर जसदेव सिंह का मंगलवार को यहां 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। उनके निधन के बारे में उनके बेटे गुरुदेव सिंह ने स्वीडन से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को जसदेव सिंह का दिल्ली में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बता दें कि पद्मश्री व पद्मभूषण से सम्मानित जसदेव सिंह ने जयपुर के महाराज कॉलेज से पढ़ाई की थी। जयपुर में इनका लंबा जीवन बीता। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) समारोहों की ऑल इंडिया रेडियो व दूरदर्शन पर जसदेव सिंह की कमेंट्री देश के हर घर में सुनी जाती थी। इनकी आवाज और कमेंट्री के देश में करोड़ों लोग दीवाने थे।

उन्होंने नौ ओलंपिक, छह एशियाई खेलों और कई बार स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस प्रसारण का आंखों देखा हाल सुनाया था। ओलंपिक परिषद के पूर्व प्रमुख जुआन एंटोनियो समारांच ने उन्हें 1988 सोल ओलंपिक में इन खेलों को बढ़ावा देने के लिए 'ओलंपिक ऑडर' से सम्मानित किया था।

Similar News