SwadeshSwadesh

'ईट राइट इंडिया' अभियान चलाकर लोगों को किया जागरूक

Update: 2019-06-07 11:54 GMT

नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए सुरक्षित एवं संतुलित आहार जरूरी है। इस बात को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने 'ईट राइट इंडिया' अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया है। ऐसे अभियान से लोगों को बहुत फायदे होते हैं।

हर्षवर्धन ने शुक्रवार को एफएसएसएआई द्वारा आयोजित 'विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस' के मौके पर एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार की कोशिश है की देश के हर नागरिक को उत्तम आहार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा दी जाए। इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने एफएसएसएआई के अधिकारियों व कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वो यह संकल्प लें कि देश के हर नागरिक को सुरक्षित आहार के बारे में जागरूक करेंगे और देश की जनता मिलावटी आहार से बच सके इसके लिए प्रयास करेंगे।

डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि संकल्प में बड़ी शक्ति है। इस देश ने पोलियो जैसी बीमारी को खत्म करने का संकल्प लिया था, जिसे पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नये भारत के सपने को साकार करने के लिए हम सभी को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा।

इस मौके पर परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि स्वच्छ भोजन करने से स्वच्छ विचार आते हैं। उन्होंने कहा कि आहार का असर व्यवहार पर पड़ता है। ऐसे में देश के हर नागरिक को स्वच्छ भोजन, संतुलित आहार एवं पौष्टिक आहार मिले, इसके लिए एफएसएसएआई को अहम जिम्मेदारी निभानी है। चौबे ने एफएसएसएआई के 'ईट राइट इंडिया' अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से बड़ी संख्या में लोग जुड़े और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि आज सात जून को दुनियाभर में पहला विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जा रहा है। इस साल की थीम "खाद्य सुरक्षा, सभी की जिम्मेदारी" पर आधारित है यानी खेतों से निकलकर हमारी थाली में पहुंचने वाली चीजें सुरक्षित हों, जिससे यह हमारी सेहत को नुकसान न पहुंचाए। संयुक्त राष्ट्र द्वारा इसकी शुरुआत हुई है। इसका पहला संस्‍करण सुरक्षित भोजन के महत्व पर प्रकाश डालने और इससे जुड़ी समस्याओं को कम करने पर केंद्रित है।

Similar News