मध्यप्रदेश : दो निर्दलीय विधायक भाजपा में होंगे शामिल
X
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्य प्रदेश के तीन दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को सुबह झीलों की नगरी राजधानी भोपाल पहुंचे। शाह का स्वागत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा पार्टी उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और अन्य नेताओं ने जगह-जगह किया।
अमित शाह यहां पर 18 से 20 अगस्त तक प्रवास पर हैं। अमित शाह शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। जहां पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं प्रदेश के दो निर्दलीय विधायक भी भाजपा कार्यालय पहुंचे। सीहोर से सुदेश राय और थांथला कल सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कल सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि अमित शाह की उपस्थिति में वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं जबकि सुदेश राय का कहना है कि हम तो पहले चार साल से भाजपा में हैं और आगे भी रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर प्रदेश संगठन से विचार विमर्श कर रहे हैं। यहां एक कमरे में प्रदेश संगठन के नेताओं से चर्चा होगी तो दूसरे और तीसरे रूम में प्रदेश के प्रमुख नेताओं से वन-टू-वन चर्चा होगी।
भाजपा अध्यक्ष के दौरे से जहां भाजपा नेता गदगद हैं वहीं विपक्षी पार्टियों की भी परेशानी बढ़ने लगी है, क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष्ा जहां पर भी जा रहे वहां दूसरी पार्टियों के नेता उनकी उपस्थिति में भाजपा का दामन थामते नजर आते हैं। उसी तरह मध्य प्रदेश में भी कयास लगाए जा रहे हैं कुछ नेता आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा में जा सकते हैं। खासकर कांग्रेस कार्यालय में भी इसी तरह बैठकों का दौर चल रहा है।