पाकिस्तान को सबक सिखाना ही होगा
X
पाकिस्तान ने एक बार फिर से भारत की कश्मीर घाटी में अपने चरित्र को दोहराया है। बार बार भारतीय सीमा पर हमला कर आतंक फैलाना पाकिस्तान सुधरने की दिशा में जाना ही नहीं चाहता। हालांकि पाकिस्तान इस बात को भली भांति जानता है कि भारत से मुकाबला नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान ने भारत द्वारा किए गए सर्जीकल स्ट्राइक के दंश को भोगा है। इसके कारण पाकिस्तान में लम्बे समय तक भयावह वातावरण बना रहा। सरकार के विरोध में जनता के स्वर सुनाई देने लगे। अब फिर से समय आ गया है कि बार बार पाकिस्तान द्वारा की जा रही कायरता पर्ण कार्यवाही का उचित जवाब दिया जाए। पाकिस्तान की इस कायराना हरकत के कारण पूरा देश गुस्से में है। साथ ही शोक में डूबा हुआ है। हर एक की जुबां पर बस यही एक सवाल है कि आखिर कब तक हम जवानों की शहादत पर आंसू बहाते रहेंगे। कभी सुकमा में हमारे जवानों को निशाना बनाया जाता है तो कभी भारत पाकिस्तान की सीमा पर देश की रक्षा करते करते हमारे जवानों को शहीद होना पड़ता है। आखिर कब सुधरेगा पाकिस्तान? कुछ इसी तरह के अनेक सवाल आज हर देशवासियों के मन में उठ रहे हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान लगातार हमारे जवानों को निशाना बना रहा है, हालांकि भारतीय जवान भी किसी से कम नहीं है। वे भी पाकिस्तान में पल रहे आतंकवादियों को अपना जवाब दे रहे हैं। वे अगर हमारे दो जवानों को निशाना बनाते हैं तो हमारे जवान उनके दस जवानों को मौत के घाट उतार रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या इसी तरह से सब चलता रहेगा। पाकिस्तान को सुधरना ही होगा। हालांकि पिछले दस सालों की अपेक्षा इन दो-तीन सालों में पाकिस्तान को सुधारने के लिए काफी प्रयास वर्तमान सरकार द्वारा किए गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक इसका बड़ा उदाहरण है। सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से सरकार ने कम से कम पाकिस्तान को यह जताने का काम तो किया ही कि वह किसी से कम नहीं है, उसको भी पाकिस्तान की भाषा में जवाब देना आता है। जिसकी आज भी आवश्यकता महसूस की जाने लगी है।