Home > Archived > भाजपा ने निकाय व लोकसभा चुनाव में फ तह का तानाबाना बुनना किया शुरू

भाजपा ने निकाय व लोकसभा चुनाव में फ तह का तानाबाना बुनना किया शुरू

मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली सफलता से उत्साहित भाजपा ने प्रस्तावित निकाय चुनाव के साथ ही लोकसभा चुनाव में विजय पताका लहराने का तानाबाना बुनना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंत्री व विधायक पार्टी कार्यालय पर संवाद शुरू करने जा रही है।

जिलाध्यक्ष ठा. तेजवीर सिंह ने आज एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि विधान सभा चुनाव के बाद आराम कर रहे कार्यकर्ताओं को गुरूवार 6 अप्रैल से शुरू हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी देते हुए सक्रिय किया जा रहा है। 6 से 13 अप्रैल तक भाजपा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी जिसमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान आदि कार्यक्रम होंगे। इस दौरान 13 अप्रैल तक सेक्टर स्तर पर सम्मेलन किए जाएंगे। इनमें कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, गांव में जाकर बैठक और झंडा रैली के माध्यम से पार्टी को विस चुनावों में मिले बहुमत का आभार जताएंगे। 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डा. बीआर अम्बेडकर की जयंती को समरसता दिवस के रूप में मंडल स्तर पर मनाया जाएगा। जिसमें जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी कर डॉक्टर साहब की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचायेंगे। वहीं इसी दिन सामूहिक भोज में दलित जातियों के साथ भोजन कर समरसता का संदेश दिया जाएगा।

जिलाध्यक्ष सिंह ने बताया कि 25 सितंबर 2016 से पं. दीनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष मनाया जाना था, लेकिन इसके 6 माह विस चुनाव की व्यस्तता के चलते गुजर गए। अब शेष 6 माह में पार्टी एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित केंद्रीय योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने का कार्य पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।

भाजपा ने जनता संवाद के लिए रोस्टर प्लान बनाया है। रोस्टर के मुताबिक सांसद, विधायक/कबीना मंत्री अलग-अलग दिन जनता संवाद करेंगे। सांसद हेमा मालिनी के जनता संवाद का दिन तय नहीं है। जबकि ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा प्रथम अथवा द्वितीय शनिवार को, कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण तृतीय या चतुर्थ शनिवार को जन चौपाल लगायेंगे। इसके अलावा गोवर्धन विधायक ठा. कारिंदा सिंह प्रत्येक सोमवार को एवं बल्देव विधायक पूरन प्रकाश प्रत्येक मंगलवार को जन समस्याये सुनेंगे। इसके अतिरिक्त बुधवार को जिलाध्यक्ष ठा. तेजवीर सिंह भी जन समस्याएं सुनेंगे। यह कार्यक्रम भाजपा कार्यालय पर होंगे।
जिलाध्यक्ष ठा. तेजवीर सिंह ने बताया कि पार्टी का चिन्ह लगाकर घूमने वाले ऐसे वाहन चालकों पर पार्टी कड़ी कार्यवाही करेगी। इसके अलावा होर्डिंग्स व बैनर आदि नहीं लगेंगे। यह नियम पदाधिकारियों पर भी लागू होगा। झंडा केवल पार्टी मुख्यालय द्वारा जारी गाइड लाइन के तहत ही लगाया जाएगा। इसके अलावा नई भर्ती व पार्टी की सदस्यता पर भी रोक लगी है।

Updated : 6 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top