Home > Archived > मुख्यमंत्री का मन भांप अधिकारियों ने भी उठाई झाड़ू

मुख्यमंत्री का मन भांप अधिकारियों ने भी उठाई झाड़ू

झांसी। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के आदेशों का पालन आदेश के पहले होते दिखाई दे रहा है। यहां तक कि अधिकारी संकल्प पत्र खोजकर यह ढूढऩे में लगे हैं कि अब कौन सा फरमान जारी हो सकता है। उससे पहले ही व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। यही खौफ शुक्रवार को जनपद के थानों व अन्य सरकारी विभागों में भी दिखाई दिया। इसके चलते खाकी वर्दीधारी व अन्य विभागों के कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू उठाई और सफाई में जुट गये।

शुक्रवार की सुबह से ही सीएम के आदेशों का पालन करते हुए थानों के सिपाही और अन्य विभागों के कर्मचारी हाथों में झाड़ू लिये नजर आये। सभी ने अपने-अपने विभागों में झाड़ू लगाकर सफाई करते हुए गंदगी को हटा डाला। यह भी बताया कि जब स्वंय सफाई करेंगे तो हम गंदगी नहीं फैलायेंगे। इसीलिए सभी विभागो ने अपने कर्मचारियों को स्वयं सफाई करने के निर्देश दिये। जिससे स्वच्छ प्रदेश बन सके।

शासन के बदलते ही अधिकारियों व कर्मचारियों के मिजाज में नरमी दिखाई पडने लगी है। कोई भी सरकारी आफिस क्यों न हो सभी जगह सभ्यता शालीनता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। जंगल के रखवाली करने वाले अधिकारियों ने स्वच्छता की शपथ लेने के साथ अपने कार्यालय के बाहर झाड़ू लगाकर लोगों को एक सकारात्मक संदेश दिया। ऑफिस के बाहर सभी एक जैसे थे। प्रदेश सरकार का पहला संदेश स्वच्छता का बींड़ा उठाना है। अधिकारियों का कहना था कि यह एक अच्छी पहल है। इस प्रकार के काम से जहां झिझक खुलती है वहीं व्यक्ति को आत्म बल मिलता है। काश! यही बात अधिकारी भ्रष्टाचार के लिए भी जल्द ही स्वीकार लें तो उन्हें इस सकारात्मक पहल का हिस्सा बनने में ज्यादा देर नहीं लगेगी।

Updated : 25 March 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top