Home > Archived > बीयू कर्मचारियों ने निकाला पैदल मार्च

बीयू कर्मचारियों ने निकाला पैदल मार्च

भोपाल। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बरकतउल्ला विश्वविद्यालय समेत प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों में कई दिनों से काम प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों ने गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से आरआरएल तिराहे तक पैदल मार्च निकाला। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अब भी उनकी मांगें नहीं मानी गई, तो फिर प्रदेश के विश्वविद्यालयों के सभी कर्मचारी एक विशाल रैली निकालेंगे।

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। करीब छह हजार कर्मचारियों के आंदोलन से सीधे तौर पर विश्वविद्यालयों का काम प्रभावित हो रहा है। इसने छात्रों की भी मुश्किले बढ़ा दी है। मध्यप्रदेश विश्वविद्यालयीन गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के आव्हान पर बीयू सहित सभी सातों विश्वविद्यालयों के कर्मचारी अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे है। कर्मचारियों ने आज इन्हीं मांगों को लेकर आरआरएल तिराहे तक पैदल मार्च निकाला।

महासंघ के अध्यक्ष सुधीर ठाकरे का कहना है कि मुख्यमंत्री के कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश के बाद भी अब तक उनका नियमितीकरण नहीं हो पाया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं कर रहा है। सुधीर ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अब भी उनकी मांगें नहीं मानी गई तो फिर प्रदेश के विश्वविद्यालयों के सभी कर्मचारी भोपाल जाकर एक रैली निकालेंगे। जानकारी हो कि विश्वविद्यालयों के कर्मचारी इस बात पर अड़े है कि जबतक सरकार कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित अन्य 19 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक काम पर नहीं लौटेंगे। प्रशासन भले ही काम प्रभावित होने की बात स्वीकार नहीं रहा है, लेकिन डिग्री, स्थानांतरण बनने की पेंडेंसी बढ़ती जा रही है। सत्र 2015-16 की बी.लिव की पूरक समेत अन्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं बीयू कर्मचारी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा एम. फार्मा की परीक्षा में परेशानी हो रही है।

Updated : 17 March 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top