Home > Archived > मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां हुईं रवाना

मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां हुईं रवाना

प्रत्याशियों के बस्ते बंटे
मथुरा। शनिवार को होने वाले लोकतंत्र के महापर्व के लिए प्रत्याशी भी अपने बस्ते तैयार करवाने में व्यस्त रहे। इससे पूर्व उन्होंने अपने एजेंटों की मीटिंग ली। एजेंटों से कहा गया है कि वह मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करें, उनकी सुविधाओं का भी ख्याल रखा जाए, मतदाता सूची में से उनका नाम छांटकर उनका नाम लिखकर दिया जाये। प्रत्याशियों की जनसेवा के भाव के पीछे स्वयं का व्यक्तिगत लाभ भी जुड़ा हुआ है। पर्ची बंटवाने का क्रम शुक्रवार को दिनभर होता रहा। एजेंट घर-घर जाकर मतदाताओं को पर्ची बांटते देखे गए।

शनिवार को प्रस्तावित मतदान के लिए शुक्रवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। कर्मचारियों का सुबह सात बजे से ही मंडी समिति पहुंचना शुरू हो गया। जिलाधिकारी नितिन बंसल व एससएपी मोहित गुप्ता ने मंडी समिति का निरीक्षण किया, जो भी कमियां मिली, उन्हें दूर कराया गया। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि ईवीएम व अन्य सामग्री बांटने के तुरंत बाद पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना कर दिया गया है।

सबसे पहले मांट, बल्देव, गोवर्धन आदि विस क्षेत्र की पार्टियों की रवानगी का प्रयास किया गया। ड्यूटी बांटने के लिए 44 केन्द्र बनाए गए थे, जहां से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। चुनाव ड्यूटी में लगभग 12 हजार मतदान कार्मिक लगे हैं। जिनमें 5 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 205 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 34 जोनल मजिस्ट्रेट प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा।

Updated : 11 Feb 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top