Home > Archived > अरुण जेटली बोले - कांग्रेस इस हद तक गिर जाएगी ये सोचा नहीं

अरुण जेटली बोले - कांग्रेस इस हद तक गिर जाएगी ये सोचा नहीं

अरुण जेटली बोले - कांग्रेस इस हद तक गिर जाएगी ये सोचा नहीं
X

अहमदाबाद। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। जेटली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए कांग्रेस ने आतंकवादी संगठनों को इस्तेमाल किया था। हालांकि, इस आरोप के बाद कांग्रेस की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है। जेटली ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में अनोखा प्रचार अभियान चलाते हुए विकास का मजाक उड़ा रही है और जातिवाद का जहर फैला रही है। जेटली ने कहा कि गुजरात में पिछले तीन चुनावों के दौरान कांग्रेस ने एक व्यक्ति (नरेंद्र मोदी) को निशाना बनाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, गुजरात के 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी, सीबीआई का दुरुपयोग किया और आतंकवादियों के रूप में राष्ट्रविरोधी तत्वों का इस्तेमाल किया। लेकिन इस बार मैं देख रहा हूं कि स्थिति बिल्कुल अजीब है।

गौरतलब है कि जेटली ने कहा कि पहली बार न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में एक राजनीतिक दल विकास को बुरा बताते हुए प्रचार कर रहा है। विकास और जीएसटी का मजाक उड़ाने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को इन विषयों की जानकारी ही नहीं है। कांग्रेस के प्रचार अभियान में ‘विकास गंडो थायो छे (विकास पागल हो गया है)’ का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि विकास गरीबी से लड़ता है, पिछड़ेपन से लड़ता है लेकिन वे इसका मजाक उड़ा रहे हैं।

हम आपको बता दें कि हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवानी और अल्पेश ठाकोर जैसे जातिगत जनाधार वाले नेताओं को अपने पाले में लाने की कांग्रेस की कोशिशों की आलोचना करते हुए जेटली ने कहा,जब कोई काम नहीं बन पड़ता तो आप विकास की राजनीति को रोकने के लिए जातिवाद का जहर फैलाते हैं. देश के जिन दूसरे राज्यों में जातिवाद का जहर फैलाया गया है, वे विकास के मामले में पीछे हैं। जेटली ने कहा, राज्य को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश का खेल काफी खतरनाक है। जब विकास होता है, राजमार्ग बनाए जाते हैं, विश्वविद्यालय बनाए जाते हैं. बिजली की आपूर्ति होती है। इससे समाज के हर तबके को लाभ होता है, विकास सभी की मदद करता है।

Updated : 5 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top