Home > Archived > योगी ने कहा - 2019 तक भाजपा सरकार 24 लाख गरीबों को उपलब्ध कराएगी आवास

योगी ने कहा - 2019 तक भाजपा सरकार 24 लाख गरीबों को उपलब्ध कराएगी आवास

योगी ने कहा - 2019 तक भाजपा सरकार 24 लाख गरीबों को उपलब्ध कराएगी आवास
X

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार वर्ष 2019 तक प्रदेश में 24 लाख गरीबों को निशुल्क आवास उपलब्ध कराएगी। इस बाबत सरकार की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। भाजपा सरकार का सपना है कि यूपी के नगरीय क्षेत्रों का विकास जनता की भावना के अनुसार हो, लेकिन पिछली बसपा और सपा सरकारों में नगरीय क्षेत्र नकरीय क्षेत्र बनकर रह गए है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ रविवार को यहां के गांधी पार्क में नगर निकाय के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व की बसपा और सपा सरकार ने यूपी के नगरीय क्षेत्रों को नकरीय क्षेत्र बनाकर रख दिया था। नगरीय क्षे़त्रों का कोई विकास इन दोनों सरकारों के कार्यकाल में नहीं हो सका। आज भाजपा विकास की नई रोशनी के साथ नगर निकाय चुनाव लड़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार का ध्येय है कि सूबे की सभी 653 निकायों का विकास जनता की भावना के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, तभी से विकास कार्यों की विभिन्न योजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 2019 तक प्रदेश में 24 लाख गरीबों को निशुल्क आवास उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 1.20 लाख तथा शहरी क्षेत्र में 2.50 लाख रूपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि यूपी पुलिस में 50 हजार भर्ती होगी। इस भर्ती में केवल योग्यता और मैरिट को ही आधार माना जाएगा। पुलिस में भर्ती के नाम पर यदि कोई नेता अथवा अधिकारी किसी बेरोजगार से रूपये लेता है तो ऐसे व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा और संपत्ति जब्त की जाएगी। इसके बाद आने वाले सालों में विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए 4 लाख भर्ती होगी।

उन्होंने सहारनपुर में बंद खनन की बाबत कहा कि यह सरकार एनजीटी के आदेशों का पालन करने के साथ ही यहां पर खनन शुरू हो सके इसके लिए एनजीटी में प्रभावी पैरवी भी कर रही है, यदि एनजीटी से राहत नहीं मिलती है तो सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में जो चीनी मिलें औने पौने दामों पर बेची गई थी, उन्हें पुनः वापस लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के लिए घोषणा की कि मां शाकंभरी देवी और मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी को तीर्थ स्थल घोषित कर पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। बंद पड़ी दया शुगर मिल को जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे, राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, विधायक देवेंद्र निम आदि उपस्थित रहे।

Updated : 26 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top