समाज तथा राष्ट्रहित के लिए कार्य करें सरकारी संगठन: नीलकंठ तिवारी
X
कर्मचारी पूरी लगन से शासन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं: अवनीश अवस्थी
लखनऊ, ब्यूरो। सरकारी कर्मचारी संघों का दायित्व है कि वे अपने हितों की रक्षा के साथ-साथ समाज तथा राष्ट्रहित के लिए भी कार्य करें। सरकारी कर्मचारी राजकीय सेवा को केवल नौकरी न समझें, बल्कि इसके साथ समाज हित को भी प्राथमिकता दें। उक्त उद्गार प्रदेश के सूचना राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने आज सूचना निदेशालय में मिनिस्ट्रीरियल कर्मचारी संघ के चुनाव में निर्वाचित हुए पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि 70 साल की आजादी के बाद भी आज हमारा देश विकासशील देशों के श्रेणी में आता है। हम सभी का नैतिक दायित्व है कि अपने देश को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना अहम योगदान दें। इसमें सरकारी सेवकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण और अधिकाधिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपने विचार और मत व्यक्त करने की पूरी आजादी है लेकिन इसकी दिशा रचनात्मक होनी चाहिए। सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरे मनोयोग एवं निष्ठा के साथ करना चाहिए जिससे विभाग की लोकप्रियता में निरंतर वृद्धि हो। उन्होंने संगठन में महिलाओं की भागीदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि इस नवनिर्वाचित संघ में महिला कार्मिक को भी मनोनीत किया जाय। महिलाएं आज जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और मौजूदा सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।
श्री तिवारी ने इस मौके पर सुझाव दिया कि महीने में कम से कम एक बार विभागीय मंत्री अथवा विभागाध्यक्ष विभागीय कर्मियों के साथ बैठकर शांतिपूर्ण वातावरण में किसी भी समस्या का समाधान निकाल सकते हैं।
प्रमुख सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने इस अवसर पर निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सूचना विभाग सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदले हुए परिवेश में सूचना विभाग की जिम्मेदारी एवं भूमिका और बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में सूचना कर्मी पूरी लगन एवं मेहनत से शासन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना कर्मियों की जो भी जायज समस्यायें होंगी उनका समुचित एवं न्यायोचित समाधान समयबद्ध तरीके से किया जायेगा। निदेशक सूचना अनुज कुमार झा ने कहा कि लोकतंत्र में संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस संगठन ने रचनात्मक भूमिका निभाते हुए अपने दायित्वों का भलीभांति निर्वहन किया है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि यह संगठन भविष्य में भी सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाते हुए विभाग को नई उॅचाईयों तक ले जायेगा। उन्होंने कहा कि सूचना कर्मियों की जो भी न्यायोचित मांगे होंगी, उन पर पूरी संवेदनशीलता से विचार किया जायेगा। मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के जिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली उनमें अध्यक्ष संजय कुमार निर्मल,उपाध्यक्ष डा. मनोज एवं निखिल मिश्रा, महामंत्री अनिल कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री सुरेश कुमार सागर, संगठन मंत्री संजय कुशवाहा, प्रचार मंत्री आदित्य प्रकाश, आडिटर प्रमोद कुमार दुबे तथा कोषाध्यक्ष गुरू सरन सिंह के अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य के लिए प्रमोद कुमार, विनोद कुमार, मनोज कुमार, अनिल कुमार वर्मा तथा रवि कुमार शामिल थे।