Home > Archived > पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर जारी, पारा 2 डिग्री

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर जारी, पारा 2 डिग्री

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर जारी,  पारा 2 डिग्री
X


नई दिल्ली|
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर जारी है। दिल्ली में बुधवार को पांच साल में सबसे ठंडा दिन था। यह सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान सबसे कम 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में आज सीजन का सबसे ठंडा दिन है। आज सुबह ठंड से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई। वहीं उत्तराखंड के धुमाकोट में रात को तापमान में भारी गिरावट हुई जिसके चलते सुबह का तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में गुरुवार को अधिकत्तम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में काड़के की ठंड अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली में ठंड का असर यहां आने-जाने वाली ट्रेनों में देखने को मिला। कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें लेट, 8 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया और सात ट्रेनें रद्द की गई।

बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है जो कि छह साल में सबसे कम तापमान है। वहीं मसूरी व समीपवर्ती इलाकों में जोरदार बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। बुधवार देर शाम अचानक मौसम बदला और बर्फवारी शुरू हो गई। मसूरी से 24 किलोमीटर दूर धनोल्टी, सुरकंडा, बुरांसखंडा के बीच जोरदार बर्फवारी से वहां मौजूद पर्यटकों को मानों बिन मांगी मुराद मिल गई। हालांकि पर्यटकों का इस बर्फवारी से बाहर निकलना मुश्किल जरूर हो गया है मगर फिलहाल वह इस बर्फवारी से बेहद रोमांचित हैं।

राजस्थान में तीन स्थानों में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर जिला प्रशासन ने कडाके की सर्दी को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। मौसम विभाग प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री, चूरू में शून्य से नीचे 0.3, अलवर में शून्य से नीचे 0.5 डिग्री दर्ज किया गया है।

तापमान के जमाव बिन्दु से नीचे चले जाने के कारण लद्दाख क्षेत्र सहित कश्मीर संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और अधिकांश स्थानों पर कल इस मौसम में सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि पूरे कश्मीर घाटी और कुछ स्थानों सहित लद्दाख क्षेत्र में तापमान के कई डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने के कारण कल मौसम की सबसे सर्द रात रही।

Updated : 12 Jan 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top