Home > Archived > भारतीय तटरक्षक बेड़े में शामिल हुआ शिप सारथी

भारतीय तटरक्षक बेड़े में शामिल हुआ शिप सारथी

भारतीय तटरक्षक बेड़े में शामिल हुआ शिप सारथी
X

नई दिल्ली। देश के पश्चिमी तट की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से कोस्ट गार्ड का गश्ती जहाज 'सारथी' तटरक्षक बल के बेड़े में शामिल किया गया। गोवा शिपयार्ड में शुक्रवार को सारथी के लॉन्चिंग कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मुंबई में 26/11 हमले के बाद समुद्री सुरक्षा पर खासा ध्यान दिया जा रहा है। सारथी की तैनाती से महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा और केरल में सुरक्षा की चिंताएं कम होंगी।

सारथी बोफोर्स तोप से लैस है और समंदर में भारत की सुरक्षा को इससे मजबूती मिलेगी। साथ ही सारथी देश में बना है और रक्षा क्षेत्र में सरकार द्वारा मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने की दिशा में भी इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। 105 मीटर की लंबाई वाला यह जहाज तटरक्षक बल के सबसे बड़े शिप में से एक होगा।

सारथी नेविगेशन और कम्यूनिकेशन के अभी तक के सबसे आधुनिक उपकरणों और सेंसर से लैस है। यह दो इंजन वाला हल्का हेलिकॉप्टर और पांच हाई स्पीड बोट लेकर चल सकता है। सारथी की तैनाती से तटीय इलाकों की सुरक्षा करने, बचाव अभियान चलाने, तस्करी रोकने के काम में कोस्ट गार्ड की क्षमता में बढ़ोतरी होगी।

समुद्र में तेल फैलने से पैदा होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए सारथी में पल्यूशन रेस्पांस इक्विपमेंट भी होगा। पुराने शिप की तुलना में इसकी ऊर्जा जरूरतों में 10 पर्सेंट की कमी की गई है। यह उन छह जहाजों की सीरीज में तीसरा है, जिसका ऑर्डर तटरक्षक बल ने दिया है। सभी 6 शिप की डिलिवरी 2017 में पूरी हो जाने की उम्मीद है।

Updated : 9 Sep 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top