Home > Archived > पुलिस की मौजूदगी में दबंग प्रधान ने दलित को गोली से उड़ाया

पुलिस की मौजूदगी में दबंग प्रधान ने दलित को गोली से उड़ाया

अलीगढ़। पिसावा इलाके के दमुआ गॉव में ग्राम प्रधान ने पुलिस की मौजूदगी में दलित युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गयी। युवक की मौत की खबर मिलने पर पुलिस महकमे के आला अधिकारियो के होश उड़ गए। मीडिया के सामने कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। वहीं मामले पर राजनीति भी शुरू हो गयी है। बताया जाता है कि गांव में पिछले दिनों आगजनी की घटना हुयी थी, जिसमे अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिसकी जाँच करने पिसावा थाने के एसआई कृष्ण कुमार और जसवीर सिंह मंगलवार को गांव पहुंचे।

आरोप है कि देर शाम पहुंची पुलिस के साथ गांव में नवनिर्वाचित प्रधान अरविंद भी मौजूद था। जाँच के नाम पर पुलिस ने घर जाकर महिलाओं से बदसलूकी करना शुरू कर दिया। पुलिस के साथ ग्राम प्रधान को देखकर ग्रामीण और प्रधान के बीच कहासुनी हो गयी. इस कहासुनी पर प्रधान ने दलित राहुल को तमंचे से गोली मार दी। घटना से बौखलाये पुलिस कर्मियों द्वारा गोली लगने से घायल राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ उसकी मौत हो गयी। युवक की मौत के बाद पुलिस महकमे में हडकम्प मच गया। मौके पर पहुंचे एसआई कृष्ण कुमार खुद पर लगे आरोपों पर पर्दा डालते नजर आये, वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने प्रधान को रोकने की कोशिश तक नहीं की। वहीं मामले पर बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद आदित्य का कहना है कि प्रधान पहले भी कई हत्याओं में नामजद रहा है। पुलिस चाहती तो हत्या नहीं होती। पुलिस आरोपी प्रधान के कहने पर दलित के घर गयी थी। घटना के बारे में डीआईजी गोविन्द अग्रवाल से बात की तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया।

Updated : 2 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top