Home > Archived > रेंजर छावरिया का स्थगन आदेश खारिज

रेंजर छावरिया का स्थगन आदेश खारिज

ग्वालियर। वन परिक्षेत्र ग्वालियर की रेंजर ज्योति छावरिया का स्थगन आदेश खारिज हो गया है। अब न केवल यहां से उनकी विदाई तय है बल्कि उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई भी हो सकती है। साथ ही उनके स्थान पर रेंजर आनंद श्रीवास्तव को ग्वालियर की कमान सौंपी जा सकती है। वर्तमान में श्री श्रीवास्तव वन विभाग की डिपो में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के स्थानीय वरिष्ठ अधिकारी प्रारंभ से ही श्रीमती छावरिया के कामकाज से संतुष्ट नहीं थे। इसके चलते कुछ मामलों में लापरवाही सामने आने पर ग्वालियर के तत्कालीन वन संरक्षक अतुल खेरा ने करीब एक साल पूर्व श्रीमती छावरिया का दूसरी रेंज में तबादला कर दिया था, लेकिन श्रीमती छावरिया उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर अब तक ग्वालियर वन परिक्षेत्र में ही डटी हुई थीं। बताया गया है कि स्थानीय वरिष्ठ अधिकारियों की पहल पर भोपाल मुख्यालय से श्रीमती छावरिया के स्थगन आदेश को निरस्त कराने के प्रयास चल रहे थे, जिसमें आज सफलता मिल गई। बताया गया है कि बुधवार को उच्च न्यायालय द्वारा श्रीमती छावरिया का स्थगन आदेश खारिज कर दिया गया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार रेंजर श्रीमती छावरिया के खिलाफ विभागीय स्तर पर कई शिकायतें जांच में हैं, जिन्हें आधार बनाकर विभाग के ही कुछ अधिकारी श्रीमती छावरिया के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए भोपाल मुख्यालय में बैठे अधिकारियों के निरंतर सम्पर्क में थे, लेकिन स्थगन आदेश के चलते कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। चूंकि अब स्थगन आदेश खारिज हो जाने के बाद माना जा रहा है कि भोपाल मुख्यालय से श्रीमती छावरिया का तबादला किए जाने के साथ उन पर कार्रवाई की गाज भी गिर सकती है।

Updated : 18 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top