Home > Archived > भाजपा प्रत्याशी के नामांकन को लेकर दिन भर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

भाजपा प्रत्याशी के नामांकन को लेकर दिन भर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

शाम साढ़े सात बजे जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा भाजपा प्रत्याशी का पर्चा वैध

झांसी। झांसी, ललितपुर, जालौन विधान परिषद स्थानीय निकाय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय के नामांकन को लेकर दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। शाम साढ़े सात बजे जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग यादव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय का पर्चा वैध है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग यादव ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय ने दो सैट नामांकन पत्र दाखिल किए थे। एक प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी के शपथ पत्र पर हस्ताक्षर को लेकर आपत्ति जताई थी, जिसको लेकर यह माना गया कि शपथपत्र पर हस्ताक्षर मजिस्टे्रट के समक्ष होते हैं अत: आपत्ति निरस्त कर दी गई। दूसरी आपत्ति थी कि दो प्रस्तावकों के हस्ताक्षर सही नहीं हैं। इस पर भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय को जिलाधिकारी जालौन के माध्यम से सूचना भिजवाई गई कि वह झांसी आकर अपना पक्ष रखें। उनके लिए शाम चार बजे का समय निर्धारित किया गया, लेकिन वे चार बजे भी उपस्थित नहीं हो सके तो उन्हें पुन: 6 बजे व फिर 7 बजे शाम का समय निर्धारित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे सैट के सभी दस प्रस्तावक सही माने गए व भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय का पर्चा वैध माना गया। उधर, केन्द्रीय मंत्री उमा भारती भी कलेक्टे्रट पहुंची और उन्होने जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग यादव से कहा कि विधान परिषद के चुनाव बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कराये जाएं और चुनाव आचार संहिता का पालन किया जाए। मालूम हो कि आज नामांकन पत्र की जांच की जा रही थी।
पूरी दम खम से लडूंगा चुनाव : उपाध्याय
जालौन क्षेत्र से चलकर करीब पौने आठ बजे रात झांसी कलेक्टे्रट पहुंचे भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय ने कहा कि समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव हार रही है इसलिए यह दुष्चक्र रच रही है। भाजपा व मैं स्वयं पूरी दमखम से चुनाव लडूंगा। सपा की गुण्डागर्दी का जवाब मतदाता 3 मार्च को देगा। उधर, सांसद भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि सपा के लोग मतदाताओं को डरा, धमका रहे हैं। हमारे प्रत्याशी के प्रस्तावकों के साथ मारपीट कर दवाब डाल रहे हैं। उन्होने कहा कि पहाड़ी से जिला पंचायत सदस्य बालकृष्ण बरार को भी डराया धमकाया गया है। सपा विधान परिषद चुनाव में आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रही हैं। उन्होने कहा कि भाजपा चाहती है कि अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत स्वच्छ व निष्पक्ष चुनाव कराए।
भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे कलेक्टे्रट
भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय के नामांकन के साथ छेड़छाड़ की खबर सुनकर रात करीब 7 बजे बड़ी संख्या में भाजपाजन कलेक्टे्रट पहुंच गए व प्रशासन पर पक्षपात का आरोप करते हुए नारेबाजी शुरु कर दी। यद्यपि जिला मजिस्टे्रट ने नारेबाजी शांत कराकर भाजपा नेताओं से बातचीत की। इस मौके पर नगर विधायक रवि शर्मा, विधान परिषद के पूर्व सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह, अरिदमन सिंह, जिलाध्यक्ष संजय दुबे, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी, सुधीर सिंह एड., अरविंद श्रीवास्तव, संतोष सोनी, संजीव श्रृंगीऋषि, जवाहरलाल राजपूत, रोहित गोठनकर, अनिल पटैरिया, संजीव लाला, सौरभ मिश्रा, चन्द्रप्रकाश मिश्रा, मुकेश मिश्रा, राजू बुकसलेर, रामेश्वर मिश्रा, सभासद लखन, विकास यादव, राजबिहारी, प्रवीण शिवहरे समेत तमाम कार्यकर्ता पहुंच गए। जिला मजिस्टे्रट से विधायक रवि शर्मा ने वार्ता की। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी हरिओम उपाध्याय, सांसद भानु प्रताप वर्मा, पूर्व एमएलसी कुंवर मानेन्द्र सिंह व भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से वार्ता की।

Updated : 17 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top