Home > Archived > मंडला पहुंची नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मंडला पहुंची नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मंडला। नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा के 11 वें दिन मंडला जिले के मोहगांव विकासखण्ड के ग्राम देवगाँव संगम से चलकर चौगान पहुँची यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने चौगान से लेकर रामनगर तक लगभग पांच किलो मीटर की पदयात्रा की। पलेहरा में ग्रामीणों के साथ रामधुन करते हुए मुख्यमंत्री ने पदयात्रा की। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, जिले के प्रभारी राज्य मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक, आदिवासी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष शिवराज शाह, विधायक रामप्यारे कुलस्ते आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने उठाए केले के छिलके पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्वच्छ भारत मिशन का भी संदेश दे रहे थे। रामनगर से चौगान की पदयात्रा के बीच रास्ते में केले का छिलका पड़ा देख मुख्यमंत्री ने छिलके को उठाकर कचरे के डिब्बे में डाला। मुख्यमंत्री पदयात्रा के दौरान स्वागत के लिये कलश लेकर खड़ी महिलाओं से भी मिले।

मुख्यमंत्री ने नर्मदा तट पर किया पौधरोपण
श्री चौहान ने रामनगर के नर्मदा तट पर नमामि देवि नर्मदे नर्मदा सेवा यात्रा में नर्मदा तट पर सपतनीक बरगद, पीपल एवं नीम के त्रिदेव पौधे सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। नर्मदा तट पर केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, वनमंत्री गौरीशंकर शेजवार, जिला पंचायत अध्यक्ष संपत्तिया उइके, विधायक पंडित सिंह धुर्वे, सहित नर्मदा सेवा यात्रा में शामिल व्यक्तियों ने 500 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 300 पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि नमामि देवि नर्मदे नर्मदा सेवा यात्रा के इस महायज्ञ में सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर पौधरोपण में भाग लिया।

Updated : 23 Dec 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top