Home > Archived > पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा में किया सीजफायर का उल्लंघन, 1 जवान शहीद

पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा में किया सीजफायर का उल्लंघन, 1 जवान शहीद

पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा में किया सीजफायर का उल्लंघन, 1 जवान शहीद
X

जम्मू | पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों तथा असैन्य इलाकों में गोलाबारी की। राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान की गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान की इस गोलीबारी का मुहंतोड़ जवाब दिया।

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पुंछ जिले के कृष्ण घाटी सेक्टर में मंगलवार दोपहर एक बजकर 45 मिनट से पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन करना शुरू कर दिया।
प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए 120 एमएम के मोर्टार गोले और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया जिसका करारा जवाब दिया गया।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इससे पहले आज पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर नियंत्रण रेखा पर नौशेरा सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी। सीमारेखा की रक्षा कर रहे भारतीय जवानों ने जवाबी गोलीबारी की जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गयी।

पाकिस्तानी सेना ने छह नवंबर को पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर और नियंत्रण रेखा के कृष्ण घाटी के जरिए घुसपैठ की दो कोशिशों को अंजाम देने के लिए गोलीबारी की आड़ दी थी। इसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। लक्षित हमलों के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम की लगभग 100 घटनाएं हो चुकी हैं।

अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के नजदीक जम्मू-कश्मीर के पांच सेक्टरों में आम आबादी को निशाने पर लेते हुए पाकिस्तान की ओर से गोले दागे जाने की सबसे बड़ी घटना एक नवंबर को हुई थी जिसमें दो बच्चों और चार महिलाओं समेत आठ लोग मारे गए थे जबकि 22 अन्य घायल हो गए थे।

Updated : 8 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top