Home > Archived > कपिल देव के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने अश्विन

कपिल देव के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने अश्विन

कपिल देव के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने अश्विन
X

मोहाली | दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने साल 2016 में 500 रन और 50 विकेट का डबल पूरा कर लिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अश्विन से पहले भारत की ओर से बस कपिल देव ही यह कारनामा कर पाए हैं। कपिल देव ने ऐसा एक नहीं बल्कि दो बार किया है।

अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को अपनी नॉटआउट 57 रन की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। अश्विन इस साल 56 विकेट ले चुके थे और उन्होंने अपने रनों की संख्या 545 तक पहुंचा दी। अश्विन ने इस साल महज दस टेस्टों में यह कारनामा कर दिखाया है। अश्विन मैच के तीसरे दिन 72 रन बनाकर आउट हुए।

भारत के महान ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान कपिल देव ने 1979 में 17 टेस्टों मे 619 रन बनाने के अलावा 74 विकेट लिए थे। कपिल ने इसके बाद 1983 में 18 टेस्ट मैचों में 579 रन बनाए थे और 75 विकेट हासिल किए थे। अश्विन 2016 में यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। यही नहीं पिछले सात साल में वह यह डबल बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल जॉनसन ने 2009 में 13 टेस्टों में 500 रन बनाए थे और 63 विकेट लिए थे।

टेस्ट क्रिकेट में 10 बार ऐसा हुआ है जब किसी क्रिकेटर ने एक ही साल में 500 रन और 50 विकेट लेने का कारनामा किया हो। मिशेल जॉनसन (एक बार), डेनियल विटोरी (एक बार), एंड्रयू फ्लिंटॉफ (एक बार), शॉन पोलॉक (दो बार), कपिल देव (दो बार), इयान बॉथम (दो बार) यह कारनामा करने वाले क्रिकेटर हैं।

Updated : 28 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top