Home > Archived > भाजपा देश को, कांग्रेस एक परिवार को बचाने में जुटी : गुर्जर

भाजपा देश को, कांग्रेस एक परिवार को बचाने में जुटी : गुर्जर

बड़ागांव, चिरगांव व टहरौली में भी केन्द्रीय राज्यमंत्री ने लीं बैठकें
कहा केन्द्र सरकार किसान, गरीब व मजदूरों की हितैषी

झांसी। केन्द्रीय समाज कल्याण अधिकार राज्यमंत्री कृष्णपाल सिंह गुजर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को बचाने में लगी है, वहीं कांग्रेस एक परिवार को बचाने के लिए लगी है। मोदी सरकार देश की प्रतिष्ठा को विश्व में पुर्नस्थापित करने में तो वहीं कांग्रेस देश के विकास में अवरोधक का काम कर रही है।
बड़ागांव, चिरगांव एवं टहरौली मंडलों की बैठकों में सम्मिलित होने से पूर्व भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आहूत बैठक को संबोधित करते हुये केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री गूजर ने कहा कि मोदी सरकार के प्रत्येक कार्य से कार्यकर्ता व आमजन का सिर व सीना हमेशा ऊंचा रहेगा। देश आर्थिक मजबूती की ओर अग्रसर है। डेढ़ वर्ष में कोई भी विपक्षी दल घोटालों जैसा कोई आरोप नहीं लगा सका। किसान, गरीब, बेरोजगारों एवं मजदूरों के लिए नयी-नयी योजनाएं बनायी जा रही हैं। आजादी के बाद से आज तक घाटे में चल रहे किसानों को घाटे से उबारने का बड़ा काम भी हमारी सरकार कर रही है।
उन्होने बताया कि मजदूरों का बोनस 3500 से 7000 बढ़ाने का निर्णय मोदी सरकार ने लिया है। पगार रुपये 21 हजार की और बोनस भी देने का निर्णय लिया है। देश में पहली बार 18 करोड़ बैंक खाते खोलने का कीर्तिमान भी मोदी सरकार के निर्णय से ही बना है। टेलीकॉम ने 10 हजार करोड़ का घाटा पूरा किया और 6 हजार करोड़ का उल्टा लाभ प्राप्त हुआ है। हमें 3 लाख करोड़ के फोरलेन के प्रोजेक्ट रुके हुए मिले। वहीं सरकार बनते ही प्रतिदिन 18 किमी. की सड़क निर्माण हमारी मोदी सरकार ने शुरु कराया। 2016 में 20 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क निर्माण का लक्ष्य सरकार ने तय किया है। यह बड़ी उपलब्धियां हैं।
उन्होने कहा कि विकास के साथ-साथ विकलांगों एवं दृष्टिहीन बच्चों व लोगों की भी फिक्र मोदी सरकार को है। बेसहारों के लिए सुगम भारत अभियान चलाया जा रहा है। उन्होने बताया कि उनका मंत्रालय 5 वर्ष के मूकबधिर बच्चे भी सामान्य बच्चों की तरह सुन सकेंगे। वहीं बेरोजगार नौजवानों में हुनर विकसित कर रोजगार (अपने पैरों पर खड़ा होने का हुनर) प्रदान करने के लिए मोदी सरकार ने कौशल विकास नाम से एक पृथक मंत्रालय की भी स्थापना कर दी जो आज तक नहीं की गयी थी। उन्होने कहा कि मोदी जी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होने आज तब व्यक्तिगत छुट्टी नहीं ली है। देश की ऐसी व्यवस्था की है कि कोई भी बेईमान व भ्रष्टाचारी, देश के खजाने की ओर देख भी नहीं सकता। उन्होने कॉरपोरेट जगत के इशारे पर सरकार द्वारा चलाए जाने के आरोपों को निराधार बता कहा कि कांग्रेस के राज में कोयला खनन से मंत्रियों के घर भरे गए जबकि मोदी सरकार ने व्यवस्था बदल देश का खजाना भरने का काम किया। कॉरपोरेट कांगे्रस है, हम नहीं। नवीन जिंदल जैसे कांग्रेस के लोग समाज व देश के सामने उदाहरण हैं।
वहीं किसानों की बात करते हुए उन्होने कहा कि आजादी के बाद से आज तक जो मदद किसान बंधुओं की नहीं की गयी वह आज मोदी सरकार किसानों के लिए चार कदम आगे बढ़कर कार्य कर रही है। मोदी सरकार ने प्रकृति की प्रकोप से नष्ट फसल के कष्ट व नुकसान को पूरा करने के लिए पूरा मुआवजा तथा 50 प्रतिशत अधिक राशि देने का अभूतपूर्व निर्णय लिया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र शुक्ल ने सभी का आह्वान किया कि एक-एक योजना देश व जन कल्याण को परिभाषित करतीं नजर आती हैं बस योजनाओं की चर्चा जन-जन तक हो, यह काम हम सबको मिलकर करना है, तभी जन-जन का कल्याण होगा। जनता को लाभ मिलेगा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक राजपूत ने की।
इस मौके पर भाजपा नेता रानू देवलिया, राजेंद्र गुप्ता चेलरा, ओंकारनाथ व्यास एड., पूर्व जिलाध्यक्ष जसवंत सोलंकी, चंदन रायकवार, विनोद नायक, चरण चौहान पूर्व प्रधान, जगत सिंह राजपूत, दिनेश परिहार, अरविंद राजपूत, छत्रपाल सिंह राजपूत, दीपक सिंह, सुनीलदत्त गोस्वामी सहित अनेक जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Updated : 7 Jan 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top