Home > Archived > आन-बान-शान से फहराया तिरंगा

आन-बान-शान से फहराया तिरंगा

रंगारंग कार्यक्रमों से दिया देशभक्ति का संदेश

झांसी। जनपद में आन बान-शान से झंडा फहराते हुए हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। वहीं, पुलिस लाइन ओज, जोश व मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा के मध्य संविधान दिवस को मनाते हुए राष्ट्र को सलामी दी गई। यहां पर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त के. राम मोहन राव ने झंडारोहण किया। पुलिस लाइन में सुबह मंडलायुक्त श्री राव ने पहुंचकर सबसे पहले खुली जीप में एसएसपी के साथ परेड ग्राउंड का चक्कर लगाते हुए पुलिस जवानों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। यहां पर झंडारोहण व राष्ट्रीय गान के उपरांत मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और रंग बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर एकता भाइचारे का संदेश दिया।
मंच पर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें पूर्ण स्वतंत्रता का हमेशा हर साल याद दिलाता है। आज का जो हम दिन देख रहे हैं इसके लिए अनेकों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। परतंत्रता से स्वतंत्रता के सफर में कितनों की मांग सूनी हुई, कितनों की कोख उजड़ी और कितनों की कलाइयां सूनी हो गई, तब जाकर हमें आज स्वतंत्र हवा में सांस लेने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि बुंदेलखंड की जनता काफी सीधी है। यह क्षेत्र आजादी के इतने दिनों बाद भी पूरी तरह से विकास नहीं कर पाया है। यहां पर विकास कार्य को पटरी पर लाने के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं जिससे लोगों को बहुत कुछ प्राप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि समय के साथ लोगों की सोच भी बदल गई है। पहले लोग साथ मिलकर कार्य करने तथा सामूहिक विकास पर जोर दिया करते थे। लेकिन वर्तमान में सोच के साथ इरादे भी बदल गये हैं। लोगों में व्यक्तिवादी सोच ने घर कर लिया है। जिसका परिणाम है कि वह अपना भला करने के लिए दूसरों को दबाने लगा है। यही कारण है कि कुछ लोग तो बहुत आगे निकल गये और काफी लोग गरीबी, बेरोजगारी, लाचारी व मुफलिसी का जीवन जी रहे हैं। इसे बदलना बहुत जरुरी है।
मंडलायुक्त ने प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जनकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री अधिलेश यादव में प्रदेश को विकास की धारा से जोडऩे के लिए कई योजनाओं को लागू किया है। जिससे आम जनता को लाभ मिल सके। स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने प्रत्येक जनपदों मे गांवों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गये हैं। प्रसूताओं को अस्पातल ले जाने के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। गरीबों को रहने के लिए नि:शुल्क आवास, सस्ता राशन, समाजवादी पेंशन योजना विकास के लिए सहायक होगी। बस जरुरत है सही ढंग से सभी योजनाओं के फलीभूत होने की। इसके अलावा उन्होंने लोगों से पर्यावरण संतुलन को बनाये रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उन्हें संरक्षित करने का सुझाव दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की पावन बेला पर महानगर के विभिन्न स्कूलों के बाल गोपालों ने देशभक्ति के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर देश प्रेम का सुंदर संदेश दिया। बच्चों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुुति उनकी मेहनत को दर्शा रही थी। विविधिता में एकता की झलक हमारी वैचारिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे हम कभी बिसरने नहीं देंगे, ऐसे मनोहरी कार्यक्रमों ने लोगों को पुलिस लाइन में अभिभूत कर दिया।
आतंक से निपटने का दिखा जज्बा
मुख्य अतिथि के उद्बोधन के उपरांत पुलिस लाइन के हरियाली भरे मैदान पर सांस्कृति कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। इस दौरान पुलिस माडर्न स्कूल के छोटे बच्चों की प्रस्तुति काबिले तारीफ रही। भारत मां की रक्षार्थ संघर्ष की मिशाल बच्चों ने जो नृत्य गायन व मंचन के माध्यम से की उसे देखकर एक पल के लिए ऐसा लगा कि वास्तव आतंकी प्रहार से निपटते हमारे जांबाज बहादुरी का प्रखर प्रहार कर रहे हैं। गीत के बीच में जो प्रतिकारात्मक सामंजस्य था, वह काफी सराहनीय रहा। वहीं, उपस्थिति जन समूह ने बच्चों का जमकर उत्साह वर्धन किया।
अमन शांति का दिया संदेश
प्रींस माडर्न पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मेरा मुल्क मेरा देश, मेरा ये वतन गीत पर सामूहिक नृत्य की सुंदर प्रस्तुति की। इसके बाद कुलदीप इंटर कालेज की छात्राओं ने गणपति स्तुति के बाद राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम से लोगों को आनंदित किया। इसके अलावा ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी आकर्षक कार्यक्रम पेश किये।
सरकारी भवनों पर फहराया झंडा
गणतंत्र दिवस पर सरकारी भवन शिक्षण संस्थानों आदि में झंडा फहराया गया। नगर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ जिलाधिकारी अनुराग यादव ने ध्वज फहराया। इसके बाद कलेक्ट्रेट में डीएम ने ध्वाजरोहण करते हुए गणतंत्र दिवस के संबंध में बताया। कमिश्नरी में मंडलायुक्त ने ध्वज को सलाम करते हुए झंडारोहण किया।
नगर निगम में गणतंत्र दिवस पर महापौर किरन वर्मा व नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। नगर निगम के सदन हाल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर कवियों व शायरों ने अपनी रचनाएं सुनाईं। वहीं महापौर किरन वर्मा ने काव्य गोष्ठी के दौरान कहा कि हमें इस अवसर पर खुशी मनाते हुए अपने देश को भी खुशहाल रखने की जरूरत है, वहीं अपने शहर को भी साफ सुथरा, स्वच्छ एवं पर्यावरण मुक्त रखना चाहिए, जिससे हम स्वच्छ वातावरण में रह सकें। नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने कहा कि शहर की सुंदरता ही जनता की सबसे बड़ी खुशी होती है। जिससे स्वच्छ व सुंद वातावरण हमारे जीवन को ताकतवर बनाता है। हम सभी को शहर को सुंदर बनाने के लिए एक जुट होकर संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर मुन्ना मासूम एंड पार्टी के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान नगर निगम शाखा अध्यक्ष चैनू यादव ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर हरगोविन्द कुशवाहा, मोहन नेपाली, डॉ. नीति शास्त्री, डॉ. धन्न्ूा लाल गौतम, नरोत्तम स्वामी, सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Updated : 28 Jan 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top