Home > Archived > मण्डल व जिला कार्यकारिणी बनकर तैयार!

मण्डल व जिला कार्यकारिणी बनकर तैयार!

18 व 25 को हो सकती है घोषणा

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव सम्पन्न हो जाने के बाद मण्डलों से लेकर प्रदेश तक की कार्यकारिणी गठन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सबसे पहले मण्डलों की कार्यकारिणी घोषित होनी है। यह कार्यकारिणी बनकर तैयार भी हो चुकी हैं। सूत्र बताते हैं कि आगामी 18 जनवरी को जिले की मण्डल कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएंगी।
भारतीय जनता पार्टी के ग्वालियर जिले के शहरी एवं ग्रामीण मण्डल अध्यक्षों के निर्वाचन सम्पन्न हुए एक माह से अधिक समय निकल चुका है। चूंकि इस दौरान जिला और प्रदेश अध्यक्षों के निर्वाचन भी सम्पन्न हो चुके हैं। इस कारण अब जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन एवं कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है। पार्टी के कई नेता मण्डलों और जिले में पदाधिकारी बनने के लिए जोर अजमाईश कर रहे हैं। इनमें कई भाजपा नेता ऐसे हैं जो खुद को मण्डलाध्यक्ष और जिलाध्यक्ष पद के दावेदार भी थे, वहीं कुछ ऐसे नेता भी शामिल हैं जो खुद को इन पदों का दावेदार बता रहे थे। हालांकि मण्डलों और जिले की कार्यकारिणियां वरिष्ठ नेतृत्व की अंतिम मोहर के बाद ही घोषित होनी हंै। मण्डलों और जिले की कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों को उचित स्थान देकर संतुष्ट रखने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले की कार्यकारिणी 25 तक
सूत्र बताते हैं कि मण्डलों के साथ ही जिले की कार्यकारिणी भी बनकर तैयार हो चुकी है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, संगठन मंत्री प्रदीप जोशी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर सभी नेताओं के समर्थकों को कार्यकारिणी में शामिल कर उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया है। चूंकि पहले मण्डलों की कार्यकारिणी घोषित होना है। इसके बाद ही जिले की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। सूत्र बताते हैं कि जिले की कार्यकारिणी 25 जनवरी तक घोषित हो सकती है।
कार्यकारिणी में कौन अध्यक्ष मौन
भाजपा मण्डलों और जिले की कार्यकारिणी तैयार तो हो चुकी हैं, लेकिन इनमें उपाध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे मुख्य पदों पर किन नेताओं को रखा गया है। कई नेता अपने स्तर पर इन पदों के लिए प्रयासरत भी हैं, लेकिन कार्यकारिणी तो पूरी तरह गुप्त रख दी गई है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी कार्यकारिणी को लेकर मौन धारण कर लिया है। वह कार्यकर्ताओं से सिर्फ इतना ही कह रहे हैं कि कार्यकारिणी अभी बनी नहीं है। जबकि सच्चाई यह है कि पदाधिकारियों के नाम उजागर होने पर अन्य कार्यकर्ताओं के आक्रोश और विरोध के चलते नाम उजागर नहीं हो पा रहे हैं। वरिष्ठ नेतृत्व के आदेश पर मण्डलों की कार्यकारिणी घोषित होने के बाद अचानक कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी।
इन्होंने कहा
'मण्डलों और जिले की कार्यकारिणी में सक्रिय कार्यकर्ता शामिल किए जाएंगे। वरिष्ठ नेतृत्व के आदेश पर दोनों ही स्तर की कार्यकारिणी इसी माह जल्दी ही घोषित कर दी जाएंगी।
देवेश शर्मा, जिला अध्यक्ष भाजपा

Updated : 14 Jan 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top