Home > Archived > पुलिस को चकमा देकर फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

पुलिस को चकमा देकर फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

कांग्रेस ने पेटलावद घटना की निष्पक्ष जांच को लेकर सौंपा ज्ञापन

अशोकनगर | गांधी पार्क चौराहे पर ब्लाक कांग्रेस द्वारा पेटलावद की घटना पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने पुलिस को चकमा देकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का पुतला दहन किया। पूरे घटनाक्रम में ब्लाक कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन चौराहे पर पीपल के पेड़ के नीचे चल रहा है। जहां पुलिसकर्मी तैनात थेे। इस बीच पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जला दिया। यह पुतला दहन कांग्रेसियों ने धरना-प्रदर्शन से कुछ दूरी पर इस आशंका के चलते किया कि कहीं पुलिस उनके पुतला दहन कार्यक्रम को रोक न दे। इससे बचते हुए कांग्रेसियों ने दूसरे स्थान पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के विरोध में नारे लगाते हुए शिवराज सिंह के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इससे पूर्व गांधी पार्क चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने पेटलावाद की घटना में मारे हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शिवराज सिंह सरकार पर कलंक लगाया। उनका कहना है कि यह घटना प्रशासन की चूक की वजह से हुई है और मुंख्यमंत्री को घटना की जिम्मेेदारी लेते हुए त्याग पत्र देना चाहिए।
इस घटना की निष्पक्ष जांच करना चाहिए। घटना में दोषी राजेन्द्र कांसना जैसे लोग कानून को अपनी जेब की कठपुतली बनाए हुए हैं। अगर शासन में बैठे लोगों का ध्यान इस तरफ होता तो इतनी बढ़ी घटना न होती। कार्यक्रम के पश्चात ब्लाक और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों नेे तहसीलदार आलोक वर्मा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम नायक, पूर्व नपाध्यक्ष जजपाल सिंह जज्जी, प्रेमनारयण शर्मा कक्कू, आनंद शर्मा मडख़ेड़ा, महेन्द्र भारद्वाज, डॉ. रामसेवक रोहले, नारायण प्रसाद शर्मा, मनोज शर्मा पार्षद, करन सिंह रघुवंशी, गिरीश जैन आदि उपस्थित थे।

अध्यापकों पर लाठी चार्ज की निंदा:
ब्लाक कांग्रेस द्वारा आजाद अध्यापक संघ द्वारा भोपाल में की जा रही हड़ताल के दौरान किए गए लाठी चार्ज की निंदा की है। कांग्रेसियों ने संघ की मांगों को जायज ठहारते हुए सरकार से उनकी मांगे पूरी करने कर मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष की भोपाल में आमरण अनशन के दौरान बिगड़ी हालत पर भी उनके इलाज की मांग की है।

Updated : 19 Sep 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top