Home > Archived > युवक की लाठियों से पीटकर हत्या

युवक की लाठियों से पीटकर हत्या

पांच नामजद, चुनाव के साथ प्रेम-प्रसंग भी हो सकती है हत्या की वजह
मुरैना। सिहोंनिया क्षेत्र से आधी रात को अगवा करने के बाद एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी शव को मृतक के सुभाष नगर स्थित घर के पास छोड़कर भाग निकले। सिहोंनिया पुलिस ने हत्या व अपहरण के मामले में पांच लोगों को नामजद किया है।
पुलिस ने बताया कि शहर के सुभाष नगर इलाके में रहने वाले मोनू उर्फ शैलेन्द्र पुत्र रविन्द्र कुलश्रेष्ठ की मां श्रीमती कृष्णा कुलश्रेष्ठ खडिय़ाहार स्वास्थ्य केन्द्र में एएनएम के रूप में पदस्थ है। छुट्टी के दिनों को छोड़कर मोनू अपनी मां के साथ खडिय़ाहार में रहता था। रविवार की शाम भी मोनू अपनी मां के साथ खडिय़ाहार में था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे राज पटेल गुर्जर, सोनू गुर्जर, मोनू गुर्जर, संतोष राठौर, नीतेश माहौर निवासीगण सुभाष नगर स्विफ्ट कार में सवार होकर खडिय़ाहार स्थित मोनू के घर पहुंचे। जहां से वे मोनू को अपने साथ ले आए। आरोपियों ने रात भर मोनू की लाठी, डण्डों से जमकर मारपीट की, सुबह अचेतावस्था में उसे सुभाष नगर स्थित नीम चौराहे के पास छोड़कर भाग निकले। मौहल्ले के लोगों ने मोनू को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोनू की हत्या किन कारणों के चलते हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। सिहोंनिया पुलिस ने धारा 302, 364 के तहत पांचों आरोपियों के खिलाफ शून्य पर मामला दर्ज कर लिया है।
चुनाव में राज पटेल का सहयोग किया था मृतक ने
पिछले दिनों नगर निगम चुनाव में वार्ड 24 से आरोपी राज पटेल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में था। तब मृतक मोनू उर्फ शैलेन्द्र ने उसका खुलकर सहयोग किया था। मृतक मोनू के परिजन हत्या को लेकर चुनाव से जुड़े कारण का होना बता रहे है।

प्रेम प्रसंग भी हो सकता है हत्या का कारण
मोनू की हत्या को लेकर पुलिस भी अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस से जुड़े सूत्रों की माने तो मृतक का आरोपी पक्ष के परिवार की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
इनका कहना है
''मृतक के परिजन की शिकायत पर राज पटेल और उसके भाइयों सहित पांच लोगों को नामजद किया है। हत्या किन कारणों के चलते हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
रघुवंश सिंह भदौरिया
एडीशनल एसपी, मुरैना

Updated : 1 Sep 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top