Home > Archived > 'हमारा वार्ड बने सबसे सुन्दर'

'हमारा वार्ड बने सबसे सुन्दर'

अरविन्द माथुर


क्षेत्रवासियों को मिलें सभी सुविधाएं: मंजू
हमारा वार्ड शहर का सबसे सुन्दर और सर्वसुविधायुक्त बने। इसके लिए विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही क्षेत्रवासियों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हम प्रयासरत हैं। यह बात स्वदेश से चर्चा में पार्षद मंजू दिग्विजय सिंह राजपूत ने कही। श्रीमती राजपूत पिछली बार जहां भाजपा पार्षद के रूप में चुनाव जीती थीं। वहीं इस बार पार्टी
द्वारा उन्हें टिकट नहीं दिए जाने पर वे निर्दलीय चुनाव लड़ीं और विजयी हुईं। वे कहती हैं कि उन्होंने अब तक सभी कार्य अपने बल पर ही कराए हैं। एक प्रश्न के जवाब में श्रीमती राजपूत ने कहा कि लगभग 35 हजार की आबादी वाले वार्ड में हांलाकि कुछ समस्याएं भी हैं जिनका निराकरण शीघ्र ही कर दिया जाएगा। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में लगभग 18 करोड़ के कार्य स्वीकृत कराए थे जिनमें से अधिकांश निपट गए थे, जो शेष बचे हैं उन्हें पूरा कराया जा रहा है। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकतर क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क, सीवर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं, तिघरा से भी लोगों को समय पर जलापूर्ति

की जा रही है, जहां पानी नहीं आता वहां बोरिंग और टेंकर की व्यवस्था है। डीआरपी लाइन में अवश्य ही पानी की समस्या है। विनय नगर और शब्द प्रताप आश्रम के कुछ क्षेत्रों में सड़क खराब है लेकिन वहां बरसात के कारण फिलहाल काम रुक गया है जो कि मौसम बदलते ही शुरू करा दिया जाएगा।

हमारे पार्षद

'इस बार हम आपको इस कॉलम के माध्यम से वार्ड तीन में लेकर चल रहे हैं। यहां की पार्षद मंजू दिग्विजय सिंह राजपूत हैं, जो कि लगातार दूसरी बार इसी वार्ड से चुनी गईं हैं। पिछले साढ़े पांच वर्ष के कार्यकाल में इनके क्षेत्र में कितने विकास कार्य हुए हैं, क्या समस्याएं हैं, यहां की जनता इनके कार्यों से कितनी संतुष्ट है और उनसे क्या अपेक्षाएं रखती है। यह हम आपको बताने का प्रयास कर रहे हैं।'

नाला है बड़ी समस्या
श्रीमती राजपूत ने बताया कि उनके क्षेत्र में एक बड़ी समस्या सेन्ट्रल जेल के सामने स्थित पेट्रोल पम्प के समीप से गुजरने वाला नाला है। हालांकि अब इस समस्या के समाधान के प्रयास भी उन्होंने प्रारंभ कर दिए हैं। इसके लिए दो करोड़़ पैंसठ लाख का टेंडर हुआ है।
स्मार्ट सिटी के लिए विशेष प्रयास जरूरी
स्मार्ट सिटी के सवाल पर पार्षद श्रीमती राजपूत ने कहा कि इसके लिए व्यवस्थाओं में काफी सुधार की आवश्यकता है। शहर की सड़कें, सीवर, पानी बिजली पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके लिए जनसहयोग सबसे अधिक जरूरी है, बिना उसके स्मार्ट सिटी की कल्पना करना बेमानी होगा।
शहर का दूसरा सबसे बड़ा वार्ड
वार्ड तीन शहर का दूसरा सबसे बड़ा वार्ड है। इसमें विनय नगर के चारों सैक्टर, गहोई कॉलोनी, फोर्ट व्यू कॉलोनी, न्यू फोर्ट व्यू कॉलोनी, कांटे साहब का बाग, शब्दप्रताप आश्रम, जेल कैम्पस, डीआरपी लाइन, दुर्गा विहार कॉलोनी, श्री विहार कॉलोनी, मानस विहार, विवेक विहार, गणेश विहार कॉलोनी, घोसीपुरा, रहमत नगर,रामनगर, रामगढ़, फर्राश खाना, आदर्श मिल, मेन्टल हॉस्पीटल कैम्पस आदि क्षेत्र प्रमुख रूप से आते हैं।

क्या कहते हैं क्षेत्रीय नागरिक

'क्षेत्र में पानी, बिजली और सीवर की व्यवस्था ठीक है। कुछ हिस्से में सड़क काफी खराब है। गड्ढे हैं जिससे बारिश के दिनों में तो काफी परेशानी होती है। यहां तक कि घरों में भी बारिश का पानी घुस जाता है।'
पी. एन. भटनागर, विनय नगर ,सेक्टर एक
'हमारे क्षेत्र में पानी की समस्या है, सड़क भी ठीक नहीं है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीकठाक है। पार्षद से पानी की समस्या को लेकर क्षेत्र के लोगों ने कहा है उन्होंने शीघ्र ही इसके समाधान का आश्वासन दिया है'।
राजीव सिंह, डीआरपी लाइन

'इस क्षेत्र में सड़क खराब है, जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं जिससे बारिश के दिनों में तो काफी परेशानी हो रही है। पानी, बिजली और सीवर की व्यवस्था ठीक है।'
तेजेन्द्र सिंह, विनय नगर, सेक्टर दो
'हमारे यहां बिजली, पानी, सड़क सभी सुविधाएं हैं, कभी- कभी पानी नहीं आता तो पार्षद टैंकर आदि की व्यवस्था करा देते हैं। क्षेत्र में एक सुन्दर पार्क भी पार्षद ने बनवाया है।
मीना सिंह, विनय नगर, सेक्टर तीन

Updated : 19 Aug 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top