Home > Archived > सोने-चांदी का आयात शुल्क मूल्य बढ़ा

सोने-चांदी का आयात शुल्क मूल्य बढ़ा

सोने-चांदी का आयात शुल्क मूल्य बढ़ा
X

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आज दुनिया के बाजारों की मजबूती को देखते हुए सोने का आयात शुल्क मूल्य बढ़ाकर 363 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी का शुल्क मूल्य 499 डॉलर प्रति किलो कर दिया।
उल्लेखनीय है कि इस महीने के पहले पखवाड़े में सोने का आयात शुल्क मूल्य 354 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी का शुल्क मूल्य 498 डॉलर प्रति किलो था। आयात शुल्क मूल्य वह न्यूनतम मूल्य है जिस पर सीमा शुल्क तय किया जाता है ताकि वास्तविक मूल्य से कम पर आयात न दिखाया जा सके। शुल्क मूल्य में हर पखवाड़े संशोधन किया जाता है।
वित्त मंत्रालय के बयान के मुताबिक, केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड ने सोने और चांदी का शुल्क मूल्य अधिसूचित कर दिया है। सरकार ने वैश्विक कीमत में बढ़ोतरी को देखते हुए आयातित सोना और चांदी का शुल्क मूल्य बढ़ाया है। सिंगापुर बाजार में सोने की कीमत आज थोड़ी बढ़कर 116.70 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी 15.34 डॉलर प्रति औंस रही। दिल्ली में भी सोना 26,200 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 36,130 रुपये प्रति किलो पर रही।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में सोने का आयात 62.2 फीसदी बढ़कर 2.96 अरब डॉलर हो गया जो पिछले साल इसी अवधि में 1.82 अरब डॉलर पर रहा था। भारत में पेट्रोलियम के बाद सबसे अधिक सोने का आयात होता है और अधिक आयात बिल से देश का चालू खाते का घाटा प्रभावित हो सकता है।

Updated : 17 Aug 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top