Home > Archived > यूरोप दौरा- स्पेन ने भारत को 4-1 से हराया

यूरोप दौरा- स्पेन ने भारत को 4-1 से हराया

नई दिल्ली । भारतीय पुरुष हॉकी टीम को यूरोप दौरे के तीसरे व स्पेन के खिलाफ अपने पहले मैच में 4-1 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय फारवर्ड्स खिलाड़ी एसवी. सुनील ने भारत की तरफ से एकमात्र गोल किया।
खेल के 9वें मिनट में स्पेन ने बेहतरीन मैदानी गोल की बदौलत अपना खाता खोला। भारतीय टीम ने अगले ही मिनट में पलटवार करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। वीआर रघुनाथ ने एसवी सुनील को सर्कल में पास दिया। सुनील विपक्षी डिफेंडर को छकाते हुए शानदार गोल किया और टीम को बराबरी दिलायी।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और गोल करने के कई मौके बनाये लेकिन दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दूसरा क्वार्टर गोल रहित समाप्त हुआ। तीसरे क्वार्टर में 31 वें मिनट में पाउ क्यूमादा ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर स्पेन को 2-1 की बढ़त दिलायी। चौथे क्वार्टर में खेल के 53वें मिनट में जोर्डी कारेरा ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 3-1 से आगे कर दिया। इसके बाद खेल के 56वें मिनट में रॉक ओलिवा ने गोल कर स्पेन को 4-1 से जीत दिला दी। स्पेन के खिलाफ भारत अपना अगला मैच 12 अगस्त को खेलेगा।

Updated : 11 Aug 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top